उत्तराखंड : पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, धमाकों से दहशत, एक की मौत, कई घायल

हरिद्वार  :  बहादराबाद थाना क्षेत्र के मुलदासपुर उर्फ माजरा में शुक्रवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद हुए धमाकों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

फैक्ट्री में धमाकों के साथ लगी आग

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, आग लगते ही फैक्ट्री में कई धमाके हुए, जिससे वहां मौजूद कर्मचारी और आसपास के लोग घबरा गए। विस्फोटों की आवाजें दूर-दूर तक सुनाई दीं। आग इतनी भीषण थी कि लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

मौके पर दमकल की कई गाड़ियां, राहत कार्य जारी

आग की सूचना मिलते ही बहादराबाद, मायापुर और सिडकुल से दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की। राहत एवं बचाव कार्य अब भी जारी है। मौके पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंच गए हैं।

इस हादसे में 38 वर्षीय दीपचंद की मौत हो गई। उन्हें गंभीर अवस्था में भूमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को भूमानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में सिर्फ इंसानी जान का ही नहीं, बल्कि एक बछड़े समेत पांच गायों की भी आग में झुलसकर मौत हो गई है।

फुलझड़ी बनाने का काम होता था

प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, जिस फैक्ट्री में आग लगी वह वैध थी और वहां पर फुलझड़ी जैसे कम तीव्रता वाले पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया गया है।

जांच के आदेश

घटना पर हरिद्वार के सीएफओ वंश बहादुर यादव ने कहा कि “अब तक 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर है। एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। जानवरों की भी मौत हुई है। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।” घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। संभावना जताई जा रही है कि पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!