जंगल में लकड़ी लेने गई महिला पर हाथी का हमला,सूंड से उठाकर पटकने के बाद छोड़ा,गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती।
रामनगर (नैनीताल)- 11 जनवरी 2026
रामनगर में मानव–वन्यजीव संघर्ष का एक और गंभीर मामला सामने आया है।रामनगर के टेड़ा गांव में शाम जंगल से लकड़ी लेने गई एक महिला पर हाथी ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना शनिवार शाम की है, रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज के अंतर्गत ग्राम टेढ़ा निवासी 43 वर्षीय सीमा देवी अपने गांव की तीन अन्य महिलाओं के साथ टेढ़ा के जंगल में लकड़ी लेने गई थीं। इसी दौरान जंगल में अचानक सामने आए एक हाथी ने सीमा देवी पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हाथी ने महिला को अपनी सूंड में उठाकर जमीन पर जोर से पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई,घटना के समय साथ मौजूद अन्य महिलाओं ने शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन हाथी की चिंघाड़ सुनकर वे भी डर गईं। घायल सीमा देवी ने बताया कि हाथी जब उसके ऊपर पैर रखने वाला था, तभी उसने भगवान गणेश का नाम लिया और हाथ जोड़ दिए। महिला के अनुसार, जैसे ही हाथी पीछे की ओर मुड़ा, वह घिसटते हुए आगे बढ़ी और तभी हाथी ने उसे छोड़ दिया। महिलाओं ने किसी तरह जंगल से भागकर सड़क तक पहुंचकर अपनी जान बचाई। घायल सीमा देवी ने बताया कि हाथी कुछ दूरी तक पीछे-पीछे दौड़ता हुआ सड़क तक भी आ गया था। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से महिला को रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी की निगरानी शुरू कर दी गई है। वन अधिकारियों ने ग्रामीणों से जंगल में अकेले न जाने की अपील की है।
इस मामले में डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया ने कहा कि शीतकाल के दौरान हाथियों की गतिविधियां अधिक रहती हैं और ऐसे में ग्रामीणों को जंगल जाने से बचना चाहिए। उन्होंने बताया कि मौके पर गश्त बढ़ा दी गई है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। घायल सीमा देवी ने बताया हाथी ने मुझे सूंड से उठाकर पटक दिया,जब पैर रखने वाला था, तब मैंने भगवान गणेश का नाम लिया और हाथ जोड़ दिए, तभी जान बच पाई।
