लापरवाही बनी काल: रेत के नीचे दबकर मजदूर की दर्दनाक मौत।

लापरवाही बनी काल: रेत के नीचे दबकर मजदूर की दर्दनाक मौत।

लालकुआं (हल्द्वानी):-27 जुलाई 2026

लालकुआं स्टोन क्रेशर में एक दर्दनाक हादसे ने मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। दो वक्त की रोटी कमाने निकला 30 वर्षीय पवन सिंह कथित लापरवाही का शिकार हो गया। स्टोन क्रेशर में डंपर पर रेत गिरने से रोकने के लिए कट्टे लगा रहे पवन पर जेसीबी चालक ने बिना देखे लगातार रेत डाल दी, जिससे वह डंपर में ही दब गया और दम घुटने से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के हल्दूचौड़ का रहने वाला 30 वर्षीय पवन सिंह रोज की तरह रविवार सुबह मेहनत-मजदूरी के लिए घर से निकला था। परिवार को उम्मीद थी कि शाम को वह रोज की तरह घर लौटेगा, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। काम के दौरान हुई एक कथित लापरवाही ने उसकी जिंदगी छीन ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पवन डंपर के डाले के रेत न गिरे इसके लिए किनारों पर कट्टे लगा रहा था। इसी दौरान स्टोन क्रेशर में लगे लोडर चालक ने बिना देखे उसमें लगातार रेत डालनी शुरू कर दी। देखते ही देखते पवन भारी मात्रा में रेत के नीचे दब गया। बरसात की वजह से गीली और भारी हो चुकी रेत के नीचे दबे पवन को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ देर बाद जब डंपर से रेत उतारी जा रही थी, तब मजदूर फावड़े से रेत हटाने लगे। तभी अचानक रेत के बीच से एक हाथ दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही वहां मौजूद मजदूरों के होश उड़ गए और चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में पवन को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस हादसे ने एक बार फिर कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों और मशीनों के संचालन में बरती जाने वाली सावधानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि डंपर को लोड करने से पहले यह सुनिश्चित कर लिया जाता कि उसमें कोई व्यक्ति मौजूद नहीं है, तो शायद पवन की जान बच सकती थी।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पीड़ित पक्ष द्वारा तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!