नवोदय विद्यालय गैरसैंण में शिक्षकों का टोटा
कैसे सुधरेगी शिक्षा व्यवस्था।
अभिभावकों ने एक माह के भीतर शिक्षकों की तैनाती न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी।
गैरसैंण:-04 अगस्त 2026
रिपोर्ट-प्रेम संगेला.
उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों की शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए नवोदय विद्यालयों की स्थापना की गई। लेकिन वर्तमान में शिक्षकों की कमी के चलते पढ़ने वाले विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैरसैंण में वर्ष 2009 में स्थापित ओर 2025 में सलियाणा बैंड स्थित नये भवन में स्थानांतरित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय के रिक्त पदों को लेकर अभिभावकों ने उप जिलाधिकारी गैरसैंण अबरार अहमद से मिलकर अपनी समस्या रखी।
इस दौरान अभिवावकों ने चिंता जताते हुए कहा कि, 5 माह बाद बच्चों की बोर्ड परीक्षायें होने वाली हैं, लेकिन विषयाध्यापकों के न होने से बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावकों ने एक माह के भीतर शिक्षकों की तैनाती न होने पर आंदोलन किए जाने की बात कही वर्तमान में विद्यालय में इंटर स्तर पर भौतिक विज्ञान तो हाईस्कूल स्तर पर गणित,विज्ञान व सामाजिक विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण शिक्षकों के पद रिक्त चल रहे हैं। वहीं बोर्डिंग व्यवस्था में चलने वाले विद्यालय में महिला मेंटनर का पद भी लंबे समय से रिक्त चल रहा है,जिससे यहां पढ़ने वाली छात्राओं को अपनी परेशानियां बताने के लिए कोई उचित माध्यम तक उपलब्ध नहीं है।
अभिभावकों द्वारा उप जिलाधिकारी को दिए पत्र में शैक्षणिक सत्र के चार माह गुजरने के बावजूद शिक्षक-अभिभावावक संघ कार्यकारिणी (पीटीए) का गठन न होने पर भी नाराजगी जताई गयी। बताया कि, पीटीए का गठन न होने से आम बैठक नहीं हो पा रही है,जिससे अभिभावक अपनी समस्याओं को विद्यालय प्रशासन के समक्ष नहीं उठा पा रहे हैं।
पीटीए गठन को लेकर प्रभारी प्रधानाचार्य आरती गुंसाई ने कहा की गत वर्ष सितंबर माह में नये परिसर में स्थानांतरित होने के बाद पीटीए का गठन हुआ था, जिसके चलते इस वर्ष देर हुई है अब अभिभावकों की मांग पर इसी सप्ताह पीटीए का गठन कर बैठक बुलायी जाएगी। रिक्त पदों को लेकर उन्होंने बताया की सूचना जिला स्तरीय अधिकारियों को भेजी जा चुकी है। ज्ञापन देने वालों में सदस्य सुरेंद्र रावत,गबर सिंह,राखी रावत,लक्ष्मण रावत,शोभा आदी शामिल रहे।
