5 हजार रुपये की चोरी के शक में दोस्त बना कातिल,रुद्रपुर में युवक की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा।

5 हजार रुपये की चोरी के शक में दोस्त बना कातिल,रुद्रपुर में युवक की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा।

ऊधमसिंह नगर:-05 अगस्त 2026

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर स्थित ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि यह मामला हत्या का था और वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि मृतक का करीबी दोस्त ही निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल रस्सी और ईंट का टुकड़ा भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 31 जुलाई को ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के शिवनगर में एक निर्माणाधीन मकान के समीप अज्ञात युवक का शव मिला था। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए।जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।

जांच के दौरान मृतक की पहचान ट्रांजिट कैंप निवासी अनिल कुमार पुत्र मुशाराम चंद के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी। पूछताछ में पता चला कि घटना वाले दिन अनिल अपने तीन साथियों के साथ आजादनगर, ट्रांजिट कैंप में बैठकर शराब पी रहा था। कुछ समय बाद उसके दो साथी रोहित राजपूत और विजय वहां से चले गए, जबकि अनिल अपने करीबी दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का के साथ रह गया।

पुलिस के मुताबिक शराब पीने के बाद सुनील कुमार बहाने से अनिल को शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया। वहां दोनों ने दोबारा शराब पी। इसी दौरान आरोपी ने पहले लकड़ी की फट्टी और ईंट से अनिल पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी ने रस्सी से उसका गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया, ताकि घटना को सामान्य मौत का रूप दिया जा सके।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसे संदेह था कि अनिल ने उसके 5,000 रुपये चोरी कर लिए थे। इसी शक ने दोनों के बीच विवाद को जन्म दिया और गुस्से में उसने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट का टुकड़ा बरामद कर लिया है।

ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने प्रेस वार्ता में बताया कि वैज्ञानिक तरीके से जांच, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले का सफल खुलासा किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महज पांच हजार रुपये के संदेह ने वर्षों पुरानी दोस्ती को खत्म कर दिया और एक युवक की जान चली गई। मामले में सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!