बद्रीनाथ में पुलिस और सेना के जावन आमने-सामने,होमगार्ड से विवाद के बाद आर्मी मेजर समेत 15 पर मुकदमा।
चमोली:-10 अगस्त 2026
बदरीनाथ धाम में यात्रा एवं यातायात व्यवस्था के दौरान पुलिस और सेना के बीच विवाद का मामला सामने आया है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी और सेना के मेजर के बीच कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया। पुलिस की मानें तो विवाद के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। मामले में बदरीनाथ थाना पुलिस ने आर्मी मेजर समेत 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
चमोली पुलिस के मुताबिक, बीती 8 अगस्त को बदरीनाथ धाम में यात्रा व्यवस्था के लिए पुलिस और होमगार्ड जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर एक होमगार्ड जवान और सेना के मेजर के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया और मेजर की ओर से सेना के अन्य जवानों को मौके पर बुलाया गया। बताया जा रहा है कि सेना के जवानों की ओर से होमगार्ड जवान को वाहन में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया गया। इस दौरान मौके पर पहुंची चीता पुलिस ने बीच-बचाव किया। पुलिस की मानें तो इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। आरोप है कि घटना के बाद सेना के करीब 10 से 15 जवान बदरीनाथ थाने पहुंच गए, इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की। चमोली पुलिस के मुताबिक, कांस्टेबल 58 एपी विजय सिंह की लिखित तहरीर पर रात 10:25 बजे बदरीनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
बदरीनाथ थाना पुलिस ने मेजर समेत 15 अन्य सेना के जवानों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 121(1), 127(2), 132, 140(3), 191(2), 191(3), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है. चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने मामले की पुष्टी की है। फिलहाल, पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
सीओ, चमोली मदन बिष्ट ने बताया कि,आर्मी मेजर समेत 15 अन्य जवानों के खिलाफ बदरीनाथ थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
