हल्द्वानी में बेकाबू रफ्तार का कहर,एक परिवार का चिराग बुझा,साथी की हालत बेहद नाजुक।

हल्द्वानी में बेकाबू रफ्तार का कहर,एक परिवार का चिराग बुझा,साथी की हालत बेहद नाजुक।

हल्द्वानी:-12 अगस्त 2026

हल्द्वानी में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जिंदगी पर भारी पड़ गया। रामपुर रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर चौकी क्षेत्र के बेलबाबा के पास मंगलवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई,जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

जानकारी के मुताबिक, उत्तर उजाला निवासी 22 वर्षीय अरसलान अपने साथी के साथ एसी मैकेनिक का काम करता था। मंगलवार को दोनों काम के सिलसिले में रुद्रपुर गए थे। देर शाम स्कूटी से हल्द्वानी लौटते समय बेलबाबा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार यूपी नंबर की अर्टिगा कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों युवक स्कूटी से उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टक्कर से अर्टिगा कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद अरसलान को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके साथी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने हादसे में शामिल यूपी नंबर की अर्टिगा कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे की वजहों की जांच की जा रही है।

एक तरफ परिवार ने अपने 22 साल के बेटे को खो दिया, तो दूसरी तरफ अस्पताल में उसका साथी जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा है। हादसे ने एक बार फिर हल्द्वानी की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार और यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!