अपडेट:-देहरादून टोल प्लाजा पर भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों ने तोड़ा दम।
डोईवाला (देहरादून):- 19 अगस्त 2026
उत्तराखंड के देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में आज बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि तीन लोग घायल हुए है। यह दुर्घटना मणिमाई मंदिर के पास उस समय हुई, जब देहरादून से हरिद्वार की तरफ जा रही इको वैन एक अनियंत्रित पिकअप वाहन से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पुलिस व राहत-बचाव टीम ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 10:40 बजे हुआ। देहरादून की दिशा से आ रहे पिकअप वाहन का पिछला टायर अचानक निकल गया। इसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप सड़क किनारे डिवाइडर से जा टकराया। इसी दौरान पीछे से आ रही इको वैन पिकअप में जा भिड़ी। दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में वाहनों में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचा और क्षतिग्रस्त वाहनों से लोगों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया। घायलों में से दो को चिकित्सकों ने अस्पताल पहुंचने के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं, उपचार के दौरान दो अन्य घायलों की भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या चार हो गई। मृतकों में 42 वर्षीय नरेश पुत्र महावीर, निवासी टिकट वाली गली, रेलवे रोड, रोहतक (हरियाणा) की पहचान हुई है। एक अन्य मृतक भी रोहतक, हरियाणा का रहने वाला बताया गया है, जबकि दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
हादसे में घायल तीन लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें विक्की पुत्र रामभरोसे, निवासी ग्राम गिन्नौर, बदायूं (उत्तर प्रदेश) की पहचान हुई है। एक घायल का उपचार जॉली ग्रांट अस्पताल में चल रहा है, जबकि तीसरे घायल की पहचान पुलिस अभी नहीं कर पाई है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना अचानक हुई और कुछ लोग गंभीर हालत में होने के कारण तत्काल उनकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस मृतकों और घायलों की पूरी पहचान सुनिश्चित करने में जुटी है। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने के बाद यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
