कार में बैठाकर जंगल ले जाने व बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों को किया गिरफ्तार।

कार में बैठाकर जंगल ले जाने व बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों को किया गिरफ्तार।

लालकुआँ (नैनीताल)- 20 अगस्त 2026

लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के मोटाहल्दू में दो युवकों को कार में बैठाकर जंगल ले जाने, बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिकायत के बाद हरकत में आई लालकुआं पुलिस ने मामले में नामजद चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई निसान मैग्नाइट कार भी बरामद कर कब्जे में ले ली है।

पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त 2026 को दीपक सिंह बिष्ट निवासी बकुलिया, किशनपुर सकुलिया, मोटाहल्दू ने थाना लालकुआं में तहरीर दी थी। आरोप है कि कुछ लोगों ने दीपक सिंह बिष्ट और उसके साथी अनिरुद्ध बिष्ट निवासी बकुलिया, मोतीनगर को कार में बैठाया और जंगल की ओर ले गए। वहां दोनों को कथित तौर पर बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद और प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन राणा के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने आरोपितों की तलाश शुरू की। लगातार दबिश और जांच के बाद पुलिस ने 19 अगस्त को मामले में नामजद चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बलवंत सिंह बिष्ट उर्फ गुड्डू, कमल सिंह बिष्ट उर्फ सोमी, दीपक जोशी और मोहित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपित लालकुआं क्षेत्र के रहने वाले हैं।

पूछताछ के बाद पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की निसान मैग्नाइट कार संख्या (UK04AK-1293) को भी कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है कि इसी वाहन से दोनों युवकों को ले जाने का आरोप है।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। इधर गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गणेश गिरी और कांस्टेबल गुरमेज सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!