नैनीताल के ओखलकांडा में हैवानियत: पति ने पीट-पीटकर पत्नी को उतारा मौत के घाट, 4 मासूमों के सर से उठा मां का साया।

नैनीताल के ओखलकांडा में हैवानियत: पति ने पीट-पीटकर पत्नी को उतारा मौत के घाट, 4 मासूमों के सर से उठा मां का साया।

नैनीताल:-23 अगस्त 2026

ओखलकांडा के खनस्यूं थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद के चलते एक कलयुगी पति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने 10 वर्षीय बेटे को डरा-धमका कर मौके से फरार हो गया। ​

मां को सोता समझता रहा मासूम बेटा

घटना 21 अगस्त की रात तल्ला ओखलकांडा की है। आरोपी भीम सिंह बोहरा (37) ने विवाद के बाद अपनी पत्नी डिक्री देवी (28) पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 22 अगस्त की तड़के आरोपी बेटे को मुंह खोलने पर अंजाम भुगतने की धमकी देकर भाग निकला। मासूम बच्चा दिनभर अपनी मां को गहरी नींद में समझता रहा। शाम तक जब मां के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई, तब सहमे बच्चे ने पड़ोसियों को आपबीती बताई। ग्रामीणों ने तुरंत खनस्यूं थाना पुलिस को सूचित किया।

चार मासूमों के सिर से उठा मां का साया।

मृतका अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गई है, जिनमें सबसे बड़ा बेटा 10 वर्ष का है। मां की मौत और पिता के फरार होने के बाद चारों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और उनके सिर से माता-पिता दोनों का साया छिन चुका है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, मुकदमा दर्ज।

सूचना मिलते ही सीओ भवाली रविकांत सेमवाल के नेतृत्व में पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और अहम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेज दिया है। मृतका के पिता गुमान सिंह (निवासी अघौड़ा) की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ​

फरार आरोपी की तलाश में 3 टीमें गठित

हत्यारोपी भीम सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन विशेष टीमों का गठन किया है,जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। नैनीताल पुलिस ने आरोपी का पोस्टर जारी कर आम जनता से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा और अपराधी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!