“किंग ऑफ उत्तराखंड” का रौब टूटा, गैंगस्टर एक्ट में जग्गा समेत 3 गिरफ्तार।

“किंग ऑफ उत्तराखंड” का रौब टूटा, गैंगस्टर एक्ट में जग्गा समेत 3 गिरफ्तार।

ऋषिकेश:-23 अगस्त 2026

खुद को “किंग ऑफ उत्तराखंड” बताकर लोगों पर रौब जमाने और भूमि व पारिवारिक विवादों में दखल देकर अवैध वसूली, मारपीट व ब्लैकमेलिंग करने वाले गिरोह पर दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर ऋषिकेश पुलिस ने गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा सहित गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के मुताबिक, जगजीत उर्फ जग्गा अपने साथियों के साथ मिलकर भूमि और पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप करता था। आरोप है कि गिरोह पक्षकारों को डराने-धमकाने, मारपीट करने, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर जबरन वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों में लिप्त था। लोगों के घरों में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी गिरोह पर हैं।

पुलिस का कहना है कि गिरोह ने क्षेत्र में भय का माहौल बना रखा था, जिसके चलते लोग इनके खिलाफ शिकायत करने से भी डरते थे। वर्ष 2016 से 2026 के बीच गिरोह के सदस्यों के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामलों के 11 मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है।

जांच के बाद सक्षम न्यायालय से अनुमोदन प्राप्त होने पर कोतवाली ऋषिकेश में मु.अ.सं. 405/2026, धारा 2(ख)(i), 2(ख)(iii)/3 गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार जगजीत उर्फ जग्गा की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से “KING OF उत्तराखण्ड” लिखा बोर्ड भी बरामद किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी इस बोर्ड के जरिए अपना प्रभाव और दबदबा कायम करने का प्रयास करता था।

गिरफ्तार आरोपी

1. जगजीत उर्फ जग्गा, उम्र 39 वर्ष — गैंग लीडर
2. प्रणव उर्फ राघव बत्रा, उम्र 20 वर्ष — गैंग सदस्य
3. दीपेश कुमार, उम्र 27 वर्ष — गैंग सदस्य

वहीं, रवि गुप्ता नामक आरोपी अभी वांछित है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस की कार्रवाई के बाद ऋषिकेश में आपराधिक गतिविधियों को लेकर दबदबा कायम करने वाले गिरोह पर शिकंजा कसने से स्थानीय स्तर पर इसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!