राजस्थान के यात्रियों की कार तोता घाटी के पास खाई में गिरी,एक व्यक्ति लापता।

राजस्थान के यात्रियों की कार तोता घाटी के पास खाई में गिरी,एक व्यक्ति लापता।

टिहरी गढ़वाल:-06 सितंबर 2026

तोता घाटी क्षेत्र में बड़ी घटना घटी है। क्षेत्र में एक कार सड़क किनारे से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में चार लोग सवार थे, जिनमें से तीन लोग वाहन से नीचे उतर गए थे, जबकि एक व्यक्ति वाहन के अंदर ही मौजूद था। वाहन के खाई में गिरने के बाद से वाहन में मौजूद व्यक्ति लापता बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, वाहन संख्या (RJ06CB-1949) में सवार चार लोग केदारनाथ से राजस्थान की ओर जा रहे थे,तोता घाटी के पास चारों लोग शौच के लिए सड़क किनारे रुके थे, इसी दौरान तीन लोग वाहन से नीचे उतर गए, जबकि एक व्यक्ति वाहन के अंदर बैठा रहा। ढलान होने के कारण वाहन पीछे की ओर खिसक गया और करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में नदी की दिशा में जा गिरा।

घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस,एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं। टीमों ने खाई और नदी क्षेत्र में वाहन और लापता व्यक्ति की तलाश के लिए सघन सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। देर रात तक विषम परिस्थितियों के बीच संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई। रेस्क्यू अभियान के दौरान लगातार हो रही भारी बारिश, घना कोहरा और बेहद दुर्गम भू-भाग बड़ी चुनौती बना रहा. नदी क्षेत्र में बढ़े खतरे और रेस्क्यू टीमों की सुरक्षा को देखते हुए देर रात अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।

वहीं, लापता व्यक्ति और वाहन की तलाश के लिए आज 6 सितंबर को एक बार फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। देवप्रयाग पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें खाई, नदी की ओर जाने वाले संभावित रास्तों और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक, वाहन में भीलवाड़ा, राजस्थान के चार लोग सवार थे। इनमें वाहन स्वामी 46 वर्षीय देवी लाल वाहन के अंदर मौजूद थे और उनके लापता होने की आशंका है। उनके साथ 31 वर्षीय पंकज कुमार, 25 वर्षीय ईश्वर तेली और 17 वर्षीय लखन शाह यात्रा कर रहे थे। तीनों के वाहन से बाहर उतरने की जानकारी सामने आई है।फिलहाल, टिहरी पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें प्रतिकूल मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच लापता व्यक्ति और वाहन की तलाश में जुटी है। रेस्क्यू अभियान के दौरान टीमों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।तोता घाटी में हुए इस हादसे के बाद लापता व्यक्ति की तलाश लगातार जारी है। राहत और बचाव दल हर संभावित स्थान पर सर्च कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!