मंच ‘शुद्धिकरण’ को लेकर भाजपा-कांग्रेस के बीच सियासी टकराव तेज।
कल 7 सितम्बर को भाजपा का कांग्रेस के खिलाफ हल्ला बोल।
देहरादून:-06 सितंबर 2026
मंच ‘शुद्धिकरण’ को लेकर भाजपा-कांग्रेस के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। बेंगलुरु में शिकायती पत्र पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए कई बीजेपी नेताओं पर मुकदमा दर्ज किया है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे के दौरान जनसभा स्थल के कथित शुद्धिकरण का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रेसवार्ता कर इस मामले को दलित अपमान और छुआछूत से जोड़ते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए थे,जिसके बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई।
अब इस पूरे मामले पर भाजपा ने पलटवार किया है,भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ती रावत ने कांग्रेस पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया है। दीप्ती रावत ने कहा कि कांग्रेस नेता मोहब्बत की नहीं बल्कि झूठ की दुकान लेकर चलते हैं, और अब उनकी झूठ की दुकान का पर्दाफाश हो गया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के ट्विटर अकाउंट पर किए गए फैक्ट चेक में आधे से ज्यादा तथ्य झूठे पाए गए हैं, जिससे कांग्रेस का चेहरा जनता के सामने बेनकाब हो रहा है। प्रदेश महामंत्री ने ऐलान किया कि 7 तारीख को भाजपा का अनुसूचित मोर्चा समेत सभी मोर्चे हर जिला मुख्यालय पर कांग्रेस के खिलाफ बड़ा धरना देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सनातन को बांटने और तुष्टिकरण की राजनीति करती है, जबकि भाजपा का धरना समरसता और सौहार्द के संदेश के साथ होगा।
