शीतकालीन प्रवास पर पांडुकेश्वर पहुंचीं भगवान उद्धव और कुबेर जी की देव डोलियां।
चमोली :-17 नवंबर 2026
विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार, 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होने के पश्चात आज मंगलवार सुबह धार्मिक परंपराओं के अनुसार देव डोलियों ने अपने शीतकालीन प्रवास स्थल के लिए प्रस्थान किया। भगवान बदरीविशाल के प्रतिनिधि उद्धव जी, देवताओं के खजांची कुबेर जी की डोलियां और आदि गुरु शंकराचार्य जी की पवित्र गद्दी बदरीनाथ धाम से रवाना हुईं। कड़ाके की ठंड के बावजूद इस पावन यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और हक-हकूकधारी भजन-कीर्तन करते हुए साथ चले।
योगध्यान बद्री मंदिर में विराजमान हुए उद्धव और कुबेर जी
चमोली पुलिस की सुरक्षा और निगरानी के बीच देव डोलियां पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बद्री मंदिर पहुंचीं। यहां स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर डोलियों का भव्य स्वागत किया। वैदिक विधि-विधान के साथ भगवान उद्धव जी और कुबेर जी को मंदिर के गर्भगृह में विराजमान किया गया। अब आगामी छह माह तक शीतकाल के दौरान यहीं पर भगवान की नियमित पूजा-अर्चना और भोग संपन्न होगा।
कल ज्योतिर्मठ पहुंचेगी आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी
निर्धारित धार्मिक कार्यक्रम के अनुसार, आज पांडुकेश्वर में रात्रि विश्राम के पश्चात कल बुधवार, 18 नवंबर को आदि गुरु शंकराचार्य जी की पवित्र गद्दी और भगवान गरुड़ जी की डोली अपने अगले पड़ाव ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) के लिए प्रस्थान करेगी,विधि-विधान के साथ गद्दी को ज्योतिर्मठ स्थित ऐतिहासिक श्री नृसिंह मंदिर में विराजमान किया जाएगा।
चमोली में शीतकालीन चारधाम यात्रा का शुभारंभ
देव डोलियों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर विराजमान होने के साथ ही चमोली जनपद में शीतकालीन यात्रा का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। अब देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्री शीतकाल के दौरान भी पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बद्री मंदिर और ज्योतिर्मठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर में पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन और विशेष पूजा-अर्चना का पुण्य लाभ अर्जित कर सकेंगे।शीतकालीन यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए चमोली पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। पुलिस द्वारा यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, सुगम आवागमन और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
