नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला आया सामने,पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज।
लक्सर (हरिद्वार)-29 मार्च 2026
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जिले के पथरी थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि नाबालिग किशोरी को गन्ने के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया गया. परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पथरी थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग किशोरी को पास के ही गांव का एक युवक अपने साथी के साथ कथित रूप से बहला-फुसलाकर गन्ने के खेत में ले गया,जहां उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है. घटना के दौरान पास के खेत में काम कर रहे एक ग्रामीण ने एक युवक को गन्ने के खेत से निकलते हुए देखा, जब ग्रामीण ने उससे खेत में आने का कारण पूछा तो वह तेजी से मौके से भाग गया।ग्रामीण को शक होने पर उसने खेत की ओर देखा तो एक अन्य युवक और युवती को खेत से निकलते हुए देखा. ग्रामीण को देखते ही दोनों युवक, युवती को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद ग्रामीण ने तुरंत घटना की जानकारी युवती के परिजनों को दी।परिजनों ने युवती से पूछताछ की तो उसने एक युवक का मोबाइल नंबर दिया। आरोप है कि जब परिजनों ने उस नंबर पर संपर्क किया तो युवक ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. युवती का मेडिकल कराया गया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एक नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पथरी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि मामला संज्ञान में है. युवती का मेडिकल कराया गया है और दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
