दिल्ली से नैनीताल घूमने आ रही युवती ने टैक्सी चालक पर दुष्कर्म की कोशिश और मारपीट का लगाया आरोप।
नैनीताल-07 मार्च 2026
दिल्ली से नैनीताल घूमने आ रही युवती के साथ नशे में धुत टैक्सी चालक ने अपहरण कर उसके साथ छेड़खानी करने के साथ ही दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाया है। युवती ने विरोध करने पर मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। युवती ने जंगल में सड़क किनारे कलमठ में छिपकर जान बचाई। रात के अंधेरे में वह नहीं मिली तो टैक्सी चालक फरार हो गया. सुबह होने पर पीड़िता एक स्थानीय महिला की मदद से पुलिस तक पहुंची। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात टैक्सी चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिसके बाद पुलिस टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया, साथ ही युवती का अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया।
जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी युवती बीती रात करीब 12 बजे हल्द्वानी से नैनीताल आ रही थी। युवती टैक्सी में अकेली थी। जिला मुख्यालय से करीब 12 किलाेमीटर दूर हल्द्वानी रोड पर टैक्सी चालक ने कार हाईवे के बजाय आड़ू खान को जाने वाली लिंक रोड की ओर से मोड़ दी और आगे जाकर रोक दी। युवती का आरोप है कि इसी बीच उसने उसके के साथ छेड़खानी शुरू कर दी, जिसका युवती ने विरोध किया तो मारपीट करने लगा. युवती डर से जंगल की ओर भाग गई, शोर करने पर टैक्सी चालक फरार हो गया। घटना के बाद डरी युवती ने पूरी रात जंगल में बिताई।सुबह आडूखान की महिला जब नैनीताल की ओर से आ रही थी तो युवती की नजर पड़ गई। इसके बाद महिला ने उसे पुलिस थाने पहुंचाया।
सूचना पर एसओ मनोज नयाल, एसआई बबिता, एसआई सतीश उपाध्याय ने युवती की तहरीर पर अज्ञात टैक्सी चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवती का बीडी पांडे अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। घटना के बाद एसपी के निर्देश पर टीम का गठन किया गया, जिसके बाद देर रात नैनीताल के पाइनस क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया पीड़िता की तहरीर के आधार पर हल्द्वानी फतेहपुर निवासी टैक्सी चालक दीपक सिंह बोरा को हिरासत में लिया गया है। साथ ही आरोपी के पास से महिला पर्यटक का लूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। जिसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई तेज कर दी है।
