शौर्य दिवस शोभायात्रा पर पथराव का आरोप,ज्वालापुर में तनाव बजरंग दल का सड़क पर प्रदर्शन,पुलिस हाई अलर्ट पर।
हरिद्वार- 08 दिसम्बर 2025
हरिद्वार में शौर्य दिवस के मौके पर निकाली जा रही बजरंग दल की शोभायात्रा पर ज्वालापुर क्षेत्र में अचानक पथराव होने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। सैनी आश्रम से शुरू हुई यह यात्रा जैसे ही ज्वालापुर दुर्गा चौक के पास पहुंची, तभी असामाजिक तत्वों ने शोभायात्रा को निशाना बनाया और पत्थर फेंके। घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता आक्रोश में आ गए और हरिद्वार के आर्यनगर चौराहे पर बैठकर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे क्षेत्र में हालात और संवेदनशील हो गए।प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीमें भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश में जुट गईं।
बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष अनुज वालिया ने बताया किए बजरंग दल के कार्यकताओं द्वारा शौर्य सम्मान यात्रा निकाली जा रही थी,सैनी आश्रम में कई जगहों से कार्यकर्ता एकत्रित हो रहे थे। कनखल और सिडकुल क्षेत्र से कार्यकर्ता सैनी आश्रम पहुंच रहे थे। ज्वालापुर से जब कार्यकर्ता यात्रा लेकर दुर्गा चौक पर पहुंचे तो कार्यकर्ताओं पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव किया। इस पथराव में कई कार्यकर्ताओं को चोटें आई. उन्होंने पथराव करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. शौर्य सम्मान यात्रा के दौरान पथराव की सूचना पर अन्य कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचने लगे और श्रीराम चौक पर धरने पर बैठ गए।जाम की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने कार्रवाई का आश्वासन दिया और बमुश्किल मामले को शांत कराया। उन्होंने बताया कि मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और वीडियो फुटेज के आधार पर पहचान कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है ताकि स्थिति नियंत्रण से बाहर न जाए और शांति व्यवस्था पूरी तरह बहाल रहे।
