उधम सिंह नगर में दुष्कर्म का एक और मामला आया सामने,खटीमा में नाबालिग लड़की से रेप,पुलिस आरोपी के तलाश में जुटी।
खटीमा (उधमसिंह नगर)-24 फरवरी 2026
उधमसिंह नगर जिले में महिला अपराध से संबंधित एक और मामला सामने आया है।रुद्रपुर में सरस मेले से लौट रही महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद अब सीमांत जिला खटीमा कोतवाली क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता द्वारा अपने परिजनों को उक्त वारदात की जानकारी दिए जाने के बाद खटीमा कोतवाली पुलिस को आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर सौंपी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खटीमा विकासखंड के एक गांव निवासी किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर मिलने के बाद खटीमा कोतवाली पुलिस द्वारा तत्परता के साथ आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मामले की जांच शुरू कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि, 11 फरवरी को वह खेत में घास काटने गई थी। वहीं पति मजदूरी करने गए थे,जबकि दोनों बेटे बकरी चराने घर से बाहर थे। घर में 16 साल की बेटी पढ़ाई कर रही थी,इसी वक्त पड़ोस में रहने वाला युवक नरेंद्र उर्फ नरी राम घर के अंदर घुस गया। घर को अंदर से बंद कर उसने बेटी के हाथ पांव बांध उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद इस विषय के बारे में किसी को बताने पर मां पिता और भाइयों को जान से मारने की धमकी दी। डरी सहमी बेटी ने डर के कारण कुछ नहीं बताया। यह मामला उनके संज्ञान में तब आया, जब बेटी का पैर टूट गया तो उपचार के लिए दिल्ली गए। इस दौरान बेटी के उपचार के दौरान मां को उसके स्वास्थ्य को लेकर घबराहट हुई। जिसके बाद बेटी ने दुष्कर्म के घटना क्रम के बारे में बताया। जिसके बाद 23 फरवरी को खटीमा आकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई। पीड़िता की मां ने आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
खटीमा कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीती देर शाम आरोपी नरेंद्र उर्फ नरी राम के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया है। कोतवाल विजेंद्र शाह के बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
