छुट्टी पर घर आए सेना के हवलदार का हुआ आकस्मिक निधन,क्षेत्र में भी शोक की लहर।
चंपावत- 09 फरवरी 2026
बेहद दुखद खबर उत्तराखण्ड के चंपावत जिले से सामने आ रही है, जहां बनबसा क्षेत्र में छुट्टियों पर घर आए भारतीय सेना के जवान का असामयिक निधन हो गया। जवान की पहचान ग्राम गड़ीगोठ निवासी हरीश चंद के रूप में हुई है। बताया गया है कि वे 12 कुमाऊं रेजीमेंट में हवलदार के पद पर कार्यरत थे और कुछ दिन पूर्व ही अवकाश में अपने घर आए हुए थे। इस घटना से जहां उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है वहीं समूचे क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार राज्य के चम्पावत जिले के गड़ीगोठ निवासी भरत चंद के 35 वर्षीय फौजी बेटे हवलदार हरीश चंद आकस्मिक अवकाश पर कुछ दिन पूर्व घर आए हुए थे। बताया गया है कि आज सोमवार 9 फरवरी को एकाएक उनकी अचानक तबीयत बिगड़ी। इससे पहले कि परिजन कुछ सोच समझ पाते उन्होंने दम तोड दिया। बताया गया है कि दिवंगत हरीश अपने पीछे पत्नी आशा चंद और 14 माह के पुत्र सहित भरे पूरे परिवार को रोते बिलखते छोड़ गए हैं। परिजनों के मुताबिक उनका अंतिम संस्कार कल 10 फरवरी को पूरे सैन्य सम्मान के साथ स्थानीय बनबसा घाट में किया जाएगा।
