सहकारी समिति में बड़ा फर्जीवाड़ा,नैनीताल डीएम के आदेश पर एफआईआर दर्ज।

सहकारी समिति में बड़ा फर्जीवाड़ा,नैनीताल डीएम के आदेश पर एफआईआर दर्ज।

नैनीताल-19 दिसम्बर 2025

उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल मुख्यालय अंतर्गत नैनीताल जिले के गरमपानी क्षेत्र स्थित बहुउद्देशीय प्रारम्भिक कृषि ऋण सहकारी समिति लिमिटेड, गरमपानी में सामने आई गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के मामले में जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। ग्रामीणों की जमा पूंजी वापस न किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

प्रकरण के अनुसार समिति के कर्मचारी एवं मिनी बैंक प्रभारी पटल आनन्द सिंह पनौरा पुत्र गंगा सिंह पनौरा, निवासी ग्राम धनियाकोट मल्ला कोट पर अपने पद का दुरुपयोग करते हुए ग्रामीण बचत केन्द्र गरमपानी में सदस्यों की जमा धनराशि में वित्तीय अनियमितता करने के गंभीर आरोप हैं। इस संबंध में बचत केन्द्र के सदस्यों ने 17 दिसंबर 2025 को जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के दौरान महिला सभागार, छड़ा खैरना में जिलाधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी के आदेशानुसार कोतवाली भवाली में दिनांक 18 दिसंबर 2025 को एफआईआर संख्या 042/25 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। इस मामले में शिकायतकर्ता गोपाल सिंह रौतेला, सचिव, बहुउद्देशीय प्रारम्भिक कृषि ऋण सहकारी समिति लिमिटेड, गरमपानी, विकासखंड बेतालघाट, जनपद नैनीताल द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। अन्य शिकायतकर्ताओं में हीरा सिंह, देवेंद्र सिंह, पूरन सिंह (पुत्र स्व. फकीर सिंह) तथा हरदयाल सिंह पुत्र उमेद सिंह शामिल हैं, जिन्होंने भी अलग-अलग प्रार्थना पत्र प्रशासन को सौंपे हैं।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम जनता की मेहनत की कमाई से किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या धोखाधड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!