रुद्रप्रयाग में भ्रूण लिंग की जांच का बड़ा खुलासा,पुलिस ने फर्जी रेडियोलॉजिस्ट को किया गिरफ्तार।

रुद्रप्रयाग में भ्रूण लिंग की जांच का बड़ा खुलासा,पुलिस ने फर्जी रेडियोलॉजिस्ट को किया गिरफ्तार।

रुद्रप्रयाग-20 जनवरी 2026

बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे नगरासू क्षेत्र में अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां खुद को चिकित्सक बताने वाला एक व्यक्ति चोरी-छिपे पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन के माध्यम से भ्रूण की लिंग जांच कर रहा था। स्थानीय लोगों की सतर्कता से इस अवैध गतिविधि का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस-प्रशासन के अनुसार नगरासू क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों को लंबे समय से संदेह था।सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, संदिग्ध दवाइयां व अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी होटल व अस्थायी ठिकानों पर रुककर गुप्त रूप से भ्रूण लिंग जांच करता था। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान उदय सिंह (69 वर्ष) के रूप में हुई है, जो खुद को बीएएमएस चिकित्सक बताता है और मूल रूप से झांसी (उत्तर प्रदेश) का निवासी है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास न तो अल्ट्रासाउंड मशीन रखने का वैध लाइसेंस था और न ही उसके संचालन की कोई अनुमति। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त जिला स्तरीय समिति गठित की गई है,जो आरोपी की शैक्षणिक योग्यता, दस्तावेजों और पूर्व गतिविधियों की गहन जांच करेगी। नागरासू चौकी प्रभारी सूरज कंडारी ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई,आरोपी के खिलाफ पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अग्रिम जांच संयुक्त समिति द्वारा की जाएगी।

वहीं जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि नगरासू में फर्जी रेडियोलॉजिस्ट की शिकायत मिलते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की।आरोपी के पास से गर्भपात से संबंधित सामग्री भी बरामद हुई है. उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!