उधमसिंह नगर गैंगरेप कांड का खुलासा,देवर निकला मास्टरमाइंड, तीन आरोपी गिरफ्तार।
रुद्रपुर (उधमसिंह नगर)- 26 फरवरी 2026
उधम सिंह नगर के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में हुई सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया है कि वारदात की साजिश में पीड़िता का देवर ही मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी ने गिरफ्तारी के डर से जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में 22 फरवरी 2026 को हुई सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी. पीड़िता द्वारा 24 फरवरी को दी गई। तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल जांच तेज कर दी थी।
एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पीड़िता 22 फरवरी की रात अपने देवर के साथ गांधी पार्क में आयोजित सरस मेले से लौट रही थी। रात करीब 9 बजे जब वे मोदी मैदान के पास पहुंचे, तभी देवर के परिचित तीन युवक दो बाइकों पर वहां पहुंचे।
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों उसे बहाने से ठंडी सड़क क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। जांच में सामने आया कि इस पूरी घटना की साजिश पहले से रची गई थी। पीड़िता का देवर करण इस षड्यंत्र में शामिल था और उसी ने अपने परिचितों को मौके पर बुलाया था।
एसएसपी के मुताबिक, घटना से पहले करण की मुलाकात राजा रस्तोगी, विशाल और अभय सक्सेना उर्फ चाइना से हुई थी। बातचीत के बाद अभय सक्सेना उर्फ चाइना, करण और पीड़िता को जबरन बाइक पर बैठाकर ठंडी सड़क की ओर ले गए, वहां पहले अभय सक्सेना ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और उसके बाद राजा रस्तोगी ने वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान करण और विशाल मौके पर मौजूद रहे, लेकिन उन्होंने किसी भी प्रकार का विरोध नहीं किया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर जिला चिकित्सालय रुद्रपुर के पास से तीन आरोपियों को बाइक समेत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में पीड़िता का देवर करण, राजा रस्तोगी और विशाल शामिल है।
वहीं चौथा आरोपी अभय सक्सेना उर्फ चाइना पुलिस गिरफ्तारी के डर से जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे तुरंत रुद्रपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम पुलिस निगरानी में उसका इलाज कर रही है. उपचार के बाद उसे भी न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि महिला संबंधी अपराधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़िता को हरसंभव कानूनी और मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि समाज के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है. रिश्तों की आड़ में इस प्रकार की साजिश ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और आरोपियों के खिलाफ मजबूत चार्जशीट दाखिल की जाएगी, ताकि उन्हें सख्त सजा दिलाई जा सके।
