अंकिता भंडारी को न्याय देने व हत्याकांड की सीबीआई जांच सुप्रीमकोर्ट के जज की निगरानी में कराये जाने की मांग को लेकर कल बन्द रहेंगे व्यापारिक प्रतिष्ठान।

अंकिता भंडारी को न्याय देने व हत्याकांड की सीबीआई जांच सुप्रीमकोर्ट के जज की निगरानी में कराये जाने की मांग को लेकर कल बन्द रहेंगे व्यापारिक प्रतिष्ठान।

टैक्सी यूनियन गैरसैंण ने भी दिया बन्द को अपना समर्थन।

गैरसैंण- 10 जनवरी 2026
रिपोर्ट-प्रेम संगेला।

अंकिता भंडारी हत्याकांड में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने व मामले में संलिप्त कथित वीआईपी (VIP) की सुप्रीमकोर्ट के जज की निगरानी में सीबीआई जांच करवाए जाने की माँग को लेकर चल रहे प्रदेशव्यापी आंदोलन को समर्थन दिए जाने के क्रम में ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण परिक्षेत्र के व्यापार संघों व टेक्सी यूनियन भी बंद में शामिल होंगे,जिसको लेकर गैरसैंण के व्यापार संघ अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट ,मेहलचौरी के मोहन सिंह नेगी,माईथान के संजय पुंडीर,आगरचट्टी के विजय रावत,पाण्डुवाखाल के राम सिंह नेगी,नागाचूलाखाल के गोविंद सिंह मटकोटी ने बाजार बंद की घोषणा की है। वहीं बंद के समर्थन में रामगंगा टैक्सी यूनियन गैरसैंण के अध्यक्ष मनमोहन परसारा ने भी बंद में शामिल होने की जानकारी देते हुए बताया की सभी 150 टैक्सियों के पहिये कल जाम रहेंगे।

अंकिता न्याय यात्रा सयुंक्त संघर्ष मंच ने किया बंद का आह्वान⤵️

वहीं दूसरी ओर अंकिता न्याय यात्रा सयुंक्त संघर्ष मंच के मोहित डिमरी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों के साथ हुई एक अहम संयुक्त बैठक के बाद यह सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि कल 11 जनवरी को उत्तराखंड बंद यथावत रहेगा। बताया कि सभी संगठनों ने एक स्वर में स्पष्ट किया है कि जब तक अंकिता भंडारी हत्याकांड की जाँच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई से नहीं कराई जाती, तब तक यह आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। कहा कि हम सभी संगठनों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम जनता से अपील करते हैं कि इस उत्तराखंड बंद को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण और जिम्मेदार भूमिका निभाएँ।साथ ही, व्यापारी संगठनों से विशेष अनुरोध है कि वे अंकिता के सम्मान और न्याय की मांग के समर्थन में अपने प्रतिष्ठान बंद रखें। यह न्याय, सम्मान और उत्तराखंड की अस्मिता की लड़ाई है। अंकिता को न्याय दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा।

श्रीनगर व श्रीकोट व्यापार सभा ने बंद का किया समर्थन⤵️

अंकिता भंडारी को न्याय की मांग को लेकर 11 जनवरी को प्रस्तावित उत्तराखंड बंद का श्रीनगर और श्रीकोट व्यापार सभा ने समर्थन किया है। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर 11 जनवरी को ब्यापार सभा श्रीकोट ने बाजार बंद रखने की घोषणा की है। ब्यापार सभा अध्यक्ष नरेश नौटियाल ने बताया कि जहाँ अंकिता हत्याकांड ने पूरे उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे भारत को प्रभावित किया है वहीं श्रीकोट ब्यापार सभा भी चाहती है कि उक्त घटना में सम्मिलित सभी आरोपियों का जल्द से जल्द सजा मिले तभी जाकर बेटी अंकिता की आत्मा को शांति मिल सकती है। महासचिव त्रिभुवन राणा ने कहा कि जनता की भावनाओ को देखते हुए हमने न्याय की मांग को लेकर बाजार बंद का आह्वान किया है।

वहीं श्रीनगर व्यापार सभा अध्यक्ष दिनेश असवाल का कहना है कि श्रीनगर व्यापार सभा ने भी बाजार बंद का समर्थन किया है, साथ ही उनका कहना की कल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के द्वारा CBI जांच की संस्तुति के फैसले का भी उन्होंने स्वागत किया है और सीएम धामी का धन्यवाद भी किया है।
दिनेश असवाल का कहना है हम अंकिता भंडारी के परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!