अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच को सड़कों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता,की सीबीआई जांच की मांग।
गोपेश्वर (चमोली)- 06 जनवरी 2026
बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड के खुलासे को लेकर कांग्रेस ने नंदप्रयाग, चमोली तथा गोपेश्वर में न्याय यात्रा निकाली। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस की न्याय यात्रा नंदप्र्रयाग, चमोली तथा गोपेश्वर में निकली। जिला मुख्यालय गोपेश्वर पीजी कालेज गेट से शुरू हुई न्याय यात्रा पुलिस लाइन, बस स्टेशन, गोपीनाथ मंदिर होते हुए बस स्टेशन पर सभा में तब्दील हुई। इस दौरान कांग्रेसी जोरदार नारेबाजी और जुलूस प्रदर्शन के साथ अंकिता हत्याकांड की वीआईपी के खुलासे की मांग करते रहे। कांग्रेसियों ने साफ तौर पर कहा कि अब न्याय यात्रा वीआईपी खुलासे पर ही थमेगी।
बस स्टेशन पर आयोजित जन सभा को संबोधित करते हुए गोदियाल ने कहा कि पहाड़ की बेटी अंकिता के हत्यारों को कानूनी दायरे में लाने के लिए ही न्याय यात्रा चल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार मामले की सीबीआई जांच कराने से कतरा रही है। पूरा उत्तराखंड का जनमानस इस मामले को लेकर सड़कों पर उतरा है। इसके बाद भी सरकार अपने चहते वीआईपी को बचाने में जुटी हुई है। गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार में हिम्मत है तो वह इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट अथवा हाईकोर्ट के सिटिंग जज की देखरेख में सीबीआई जांच करवाए। कहा कि कांग्रेस सरकार के कदमों का इंतजार कर रही है। कहा कि इस मामले को लेकर कांग्रेस कोई सियासत नहीं कर रही है। एक राजनीतिक दल के नाते कांग्रेस पहाड़ की बेटी को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर कूद पड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले में चुप नहीं बैठेगी और सरकार के खिलाफ आंदोलन चलाते रहेगी।
बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि अंकिता हत्याकांड पहाड़़ की अस्मिता का सवाल बन गया है। यदि इस मामले को दफन कर दिया गया तो भविष्य में यहां की बेटियां सुरक्षित नहीं रह पाएंगी। उन्होंने उत्तराखंड के लोगों से इस सवाल पर इसी तरह एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।
थराली के पूर्व विधायक डा. जीत राम ने कहा कि इस मसले को जातपात में नहीं उलझाया जाना चाहिए। यह सवाल एक बेटी की हत्या से जुड़ा हुआ है। इसलिए कांग्रेस मामले के खुलासे तक चैन से नहीं बैठेगी। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने भी सरकार पर तीखा हमला किया और कहा कि यह मसला अब सरकार के गले की हड्डी बन गया है। अब सरकार को सीबीआई जांच का निर्णय लेना ही पड़ेगा।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी, हरिकृष्ण भट्ट,मुकेश नेगी, मुकुल बिष्ट, संदीप झिक्वाण, आनंद सिंह पंवार, अरविंद नेगी, सूर्यप्रकाश पुरोहित, महेंद्र नेगी, प्रकाश रावत, नगराध्यक्ष योगेंद्र बिष्ट, उषा रावत, ब्लाॅक अध्यक्ष गोविंद सजवाण, गौरव फरस्वाण, शैलेंद्र सिंह नेगी, रितेश बगवाड़ी, विपिन फरस्वाण, नरेंद्र पंवार, गुलाब सिंह बिष्ट, धीरेंद्र गडोरिया, लीला रावत, विजया कंडारी, सुदर्शन शाह, जय प्रकाश पंवार, प्रमोद बिष्ट, कमल रतूड़ी, जोशीमठ की पालिकाध्यक्ष देवेंश्वरी शाह, ब्लाॅक प्रमुख अनूप नेगी, धीरेंद्र राणा, ईश्वर नेगी, रवेंद्र नेगी, दीवान सिंह रावत आदि मौजूद रहे।
गणेश गोदियाल ने अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले को लेकर की प्रेस वार्ता⤵️
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में सीबीआई जांच के अलावा कांग्रेस को कुछ भी मंजूर नहीं होगा।गोपेश्वर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए गोदियाल ने कहा कि बहुचर्चित अंकिता हत्याकांड में वीआईपी के खुलासे को लेकर सीबीआई जांच से कम कांग्रेस को सरकार का कोई कदम मंजूर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इस मामले की सुप्रीम कोर्ट अथवा हाईकोर्ट के सिटिंग जज के मार्ग दर्शन में सीबीआई जांच कर वीआईपी का खुलासा होना चाहिए। कहा कि इसके लिए सीबीआई को एक माह का समय वीआईपी के नाम को सार्वजनिक करने के लिए दिया जाएगा। उनका कहना था कि कांग्रेस इस मामले में चुप नहीं बैठेगी और वीआईपी जांच तक आंदोलन को जारी रखेगी। सरकार द्वारा इस मामले में कांग्रेस पर सियासत करने के आरोपों के जबाव में गोदियाल ने कहा कि एक राजनीतिक दल होने के नाते पहाड़ की बेटी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस सड़कों पर उतरी है। सियासी दल होने के नाते इस मामले में भाजपा को सियासत नजर आ रही है तो यह आरोप भी हमें मंजूर है किंतु भाजपा सरकार को तो नाम का खुलासा करने के लिए सीबीआई जांच तो करनी ही होगी। भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम द्वारा मानहानि का मुकदमा दर्ज करने से संबंधित सवाल पर गोदियाल ने कहा कि इससे कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ता। भाजपा अपने नेताओं को बचा रही है तो कांग्रेस पहाड़ की बेटी के हत्याकांड के वीआईपी के खुलासे को लेकर आंदोलन कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सबूतों को नष्ट करने पर तुली हुई है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि भाजपा ही कांग्रेस को आंदोलन करने का मौका दे रही है। यदि सरकार शुरूआती दौर में ही मामले की सीबीआई जांच की शिफारिश करती तो आज उत्तराखंड की जनता को सड़कों पर नहीं उतरना पड़ता। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा इस मामले को जातिवाद की हवा देने के सवाल पर गोदियाल ने कहा कि इस मामले को जातिवाद में उलझा कर भाजपा मुद्दे को भटकाना चाहती है। कहा कि अपराधी तो अपराधी है चाहे वह किसी जाति अथवा धर्म का क्यों न हो। उन्होंने कहा कि अब भी सरकार ने सीबीआई जांच नहीं की तो कांग्रेस सत्ता में आते ही पूरे मामले का खुलासा करेगी।
