रुद्रप्रयाग होटल में मिला महिला का शव, साथ आए दो लोग फरार।
रुद्रप्रयाग-07 मार्च 2026
जनपद रुद्रप्रयाग में दो दिनों के भीतर तीन लोगों की मौत की घटनाओं से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है। शनिवार देर शाम जिला मुख्यालय स्थित होटल में महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। वहीं, बीते दिन तिलवाड़ा–सुमाड़ी क्षेत्र में एक महिला और एक बच्चे के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।
होटल के कमरे में महिला का शव मिला⤵️
जानकारी के अनुसार शनिवार को रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय के एक होटल के कमरे में महिला का शव मिलने की सूचना मिली, बताया जा रहा है कि महिला होटल में दो अन्य लोगों के साथ आई थी। घटना सामने आने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना के बाद से महिला के साथ आए दोनों लोग फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है।
महिला और बच्चे की लाश मिली⤵️
वहीं बीते 6 मार्च को तिलवाड़ा-सुमाड़ी क्षेत्र में नेपाली मूल की एक महिला और एक बच्चे के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। स्थानीय लोगों ने नाले के पास शव देखे, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रुद्रप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
महिला का पति भी लापता⤵️
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक महिला नेपाली मूल की बताई जा रही है। घटना के बाद से महिला का पति अचानक लापता बताया जा रहा है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और लापता पति की तलाश के लिए भी अभियान चला रही है।
दोनों मामलों में पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया हैय पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. लगातार दो दिनों में तीन लोगों की मौत की घटनाओं के बाद पूरे जिले में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग इन घटनाओं को लेकर चिंतित दिखाई दे रहे हैं।
पति पर गहराया शक⤵️
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने मां-बेटे की हत्या की आशंका जताई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि घटना के बाद से महिला का पति दीपक बहादुर गायब है। पुलिस को शक है कि वह इस मामले से जुड़ा हो सकता है, इसलिए उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार⤵️
कोतवाली निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी के अनुसार, मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस फरार पति की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
