सड़क पर कोहरा बना काल,होमगार्ड समेत दो की गई जान।
रुड़की (हरिद्वार)-01 फरवरी 2026
रुड़की में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। घने कोहरे में हुए इस भीषण हादसे में जीजा साले की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में से एक उत्तर प्रदेश पुलिस में होमगार्ड के पद पर तैनात था।
घटना रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के तांशीपुर पिकेट के पास हुई जहाँ नहर पटरी मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने बिना नंबर की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी,बाइक पर सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से रुड़की के सरकारी अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.मृतकों की पहचान 40 वर्षीय लाल सिंह निवासी बिजोपुरा जो यूपी पुलिस में होमगार्ड के पद पर कार्यरत थे और उनके 35 वर्षीय साले अमरीश निवासी स्मृति थाना छपार जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।
हादसे के बाद से ही दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि हादसा घने कोहरे के कारण हुआ वहीं टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया।मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेजा गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस फरार अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
