नगर आयुक्त और सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में आईटीआई से हटाया गया अतिक्रमण।
हल्द्वानी (नैनीताल)-20 दिसम्बर 2025
हल्द्वानी शहर में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम और प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कदम उठाया है। देर शाम नगर आयुक्त परितोष वर्मा और सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान आईटीआई क्षेत्र के पास सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाया गया। वहीं कार्यशाला के पास सड़क किनारे लगाए गए फड़-ठेले भी हटाए गए।
शहर में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। क्रियाशाला रोड और आईटीआई रोड किनारे लंबे समय से किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन का बुलडोजर चला, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे बनी दर्जनों कच्ची व पक्की दुकानों को ध्वस्त किया गया। प्रशासन के अनुसार आईटीआई के पास बनी कुछ दुकानों में अवैध रूप से शराब भी परोसी जा रही थी, जिसकी लगातार शिकायतें मिल रही थीं। बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण न हटाने पर यह सख्त कदम उठाया गया। मौके पर मौजूद एमएनए परितोष वर्मा और सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान ने अतिक्रमणकारियों को कड़ी हिदायत दी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने बताया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि आम जनता को सुगम यातायात और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
नगर आयुक्त परितोष वर्मा और सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान ने बताया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए समय-समय पर ऐसे अभियान चलाए जाते हैं। आईटीआई क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है, जिसके चलते अतिक्रमण हटाना आवश्यक था। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
