विदेश भेजने के नाम पर 24 लाख की धोखाधड़ी,7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
उधमसिंह नगर- 26 जनवरी 2026
न्यूजीलैंड वर्किंग वीज़ा पर विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी के मामले में एक्शन हुआ है। रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने इस मामले में 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित जसप्रीत सिंह ने कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में एक बार फिर विदेश भेजने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस को सौंपी गई तहरीर पर पीड़ित जसप्रीत सिंह निवासी ग्राम बिंदुखेड़ा (वर्तमान पता सिंह कॉलोनी फेस-2, रुद्रपुर) ने बताया मई 2023 में उसकी मुलाकात विशाल कुमार शर्मा निवासी धरमपुर, जसपुर (हाल निवासी आकाशा गार्डन, काशीपुर) से हुई। विशाल ने स्वयं व अपने साथी आवेज पुत्र नसीम जावेद के साथ मिलकर वर्किंग और टूरिस्ट वीजा पर विदेश भेजने का दावा किया।जिसके बाद पीड़ित और उसके दोस्त ने आरोपियों से न्यूजीलैंड जाने की बात कही। आरोपियों ने उन्होंने न्यूज़ीलैंड वर्किंग वीज़ा,एयर टिकट और अन्य खर्चों के नाम पर कुल 28 लाख रुपये की मांग की, जिसके बाद पीड़ित जसप्रीत सिंह ने 11 लाख रुपये और उसके मित्र आयुषमान सिंह ने 2 लाख रुपये अलग-अलग तिथियों में आरोपियों के खातों में जमा कराए। 4 अप्रैल 2024 को आरोपियों ने वर्किंग वीज़ा तो उपलब्ध करा दिया गया, लेकिन लगभग एक वर्ष बीत जाने के बावजूद एयर टिकट नहीं दिया
मामले में 29 दिसंबर 2024 को पंचायत कराई गई जिसमें पीड़ित की रकम की भरपाई के लिए खड़कपुर देवीपुरा, काशीपुर स्थित 2000 वर्गफुट का एक प्लॉट देने की बात कही गई।उन्होंने कहा प्लाट की कीमत मौजूदा समय में 24 लाख रुपए है जिसमें से 13 लाख रुपए कम कर 11 लाख रुपए पीड़िता को आरोपियों को देने होंगे, जिसपर दोनों ने हामी भरते हुए अलग अलग तारीखों पर खातों में जमा कराए।जब उन्होंने प्लाट की रजिस्ट्री करने को कहा तो वह टाल मटोल करने लगे। जानकारी करने पर पता चला कि उक्त प्लॉट पहले से ही किसी अन्य व्यक्ति के नाम रजिस्टर्ड है। जब इस संबंध में सवाल किया गया तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि 23 सितंबर 2025 को आरोपी रुद्रपुर पहुंचे. उनसे कहा कि पुलिस से उनकी सांठगांठ है। धमकी देते हुए कहा कि वे पैसा वापस नहीं करेंगे. वे पहले भी कई लोगों को इसी तरह ठग चुके हैं। जिसके बाद पीड़ित जसप्रीत सिंह ने कोतवाली रुद्रपुर में लिखित तहरीर दी। उन्होंने आरोपी विशाल कुमार शर्मा, आवेज, विमल कुमार,आशीष चौहान सहित अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी व ठगी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर रकम वापस दिलाने की मांग की है।
