हल्द्वानी-बनभूलपुरा रेलवे मामला फिर टला,अब फरवरी 2026 में संभावित सुनवाई।
हल्द्वानी-13 दिसम्बर 2025
हल्द्वानी के बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले में अब सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई 3 फरवरी को होगी। इससे पहले इस प्रकरण में 10 दिसंबर को प्रस्तावित सुनवाई नहीं हो सकी थी, जिसके बाद न्यायालय द्वारा 16 दिसंबर की तिथि निर्धारित की गई थी। हालांकि अब ताज़ा जानकारी के अनुसार, अगली सुनवाई की तारीख बदलकर 3 फरवरी तय कर दी गई है। जिसे सुप्रीम कोर्ट की वेब साइट में देखा जा सकता है।रेलवे ने इस मामले में अपना पक्ष मजबूती से रखते हुए करीब 30 हेक्टेयर भूमि पर अपना स्वामित्व दावा प्रस्तुत किया है। रेलवे के अनुसार इस भूमि पर लगभग 3365 से अधिक अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं, जहां करीब 40 हजार की आबादी निवास कर रही है।मामला हजारों परिवारों से जुड़ा होने के कारण संवेदनशील बना हुआ है। ऐसे में 3 फरवरी को होने वाली सुनवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं, जहां सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से इस प्रकरण की दिशा तय होगी।
बनभूलपुरा रेलवे भूमि मामले की सुनवाई एक बार फिर आगे बढ़ गई है। सुप्रीम कोर्ट की अधिकृत वेबसाइट के अनुसार अब इस प्रकरण की संभावित सुनवाई 3 फरवरी 2026 को दर्शाई गई है। इससे पहले यह मामला 16 दिसंबर 2025 को संभावित रूप से सूचीबद्ध था। गौरतलब है कि 10 दिसंबर को यह मामला सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध था, लेकिन क्रम संख्या 15 पर दर्ज एक अन्य केस में लंबी बहस के चलते बनभूलपुरा प्रकरण पर सुनवाई नहीं हो सकी। इसके बाद 16 दिसंबर की तारीख सामने आई थी, जो अब आगे बढ़कर 3 फरवरी 2026 हो गई है। लंबे समय से लंबित इस मामले को लेकर हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में अनिश्चितता बनी हुई है। सुनवाई टलने से स्थानीय लोगों, प्रशासन और सभी संबंधित पक्षों की प्रतीक्षा और लंबी हो गई है। अब फरवरी 2026 की संभावित सुनवाई पर ही सबकी निगाहें टिकी हैं, जिससे मामले की दिशा साफ होने की उम्मीद की जा रही है।
