नानकमत्ता में हनीट्रैप का खुलासा,लूट और ब्लैकमेल करने वाले दो महिला समेत 6 आरोपी गिरफ्तार।
रुद्रपुर (उधमसिंह नगर)-17 मार्च 2026
उधम सिंह नगर जिले में नानकमत्ता पुलिस ने हनीट्रैप के जरिए लोगों को फंसाकर लूट,मारपीट और ब्लैकमेल करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 6 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है. जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार, नगदी, सोने की अंगूठी, एटीएम कार्ड और अन्य सामान बरामद किया गया है।
फोन पर मीठी-मीठी बातें कर फंसाया⤵️
पुलिस के मुताबिक, बीती 14 मार्च की रात गिरोह के सदस्यों ने एक व्यक्ति को सुनियोजित तरीके से अपने जाल में फंसाया। महिला आरोपियों ने मोबाइल फोन के माध्यम से पीड़ित से बातचीत कर उसे अपने विश्वास में लिया और मिलने के बहाने नानकमत्ता क्षेत्र के मच्छी झाला इलाके में बुला लिया। जब पीड़ित अपनी हुंडई आई 10 कार से मौके पर पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद अन्य आरोपियों ने उसे घेर लिया।
कपड़े उतरवाकर महिलाओं के साथ बनवाए अश्लील वीडियो⤵️
आरोपियों ने पीड़ित को कार से उतारकर भड़ाभुड़िया क्षेत्र स्थित एक घर में बंधक बना लिया। वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसके कपड़े उतरवाकर महिलाओं के साथ अश्लील वीडियो बनाया गया. आरोपियों ने वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर पीड़ित से 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने की योजना बनाई। इस दौरान उन्होंने पीड़ित से नगदी, सोने की अंगूठी, दस्तावेज और उसकी कार भी लूट ली।
दो महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार⤵️
घटना की जानकारी मिलने के बाद नानकमत्ता पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। 15 मार्च को उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर डैम बंदे क्षेत्र में घेराबंदी की. इसी दौरान सामने से आती एक हुंडई आई 10 कार को रोककर जांच की गई, जिसमें दो पुरुष तारा सिंह और राजेंद्र सिंह उर्फ राजू समेत दो महिलाएं सवार थीं। पीड़ित की ओर से पहचान करने पर चारों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दो अन्य आरोपियों रमन सिंह और गुरविंदर सिंह उर्फ डिंपल को वाटर स्पोर्ट्स क्षेत्र के पास से बाइक समेत गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई हुंडई आई 10 कार, 9,750 रुपए नगद, सोने की अंगूठी, एटीएम कार्ड, दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया. घटना में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली गई है।
पहले मीठी बातों में फंसाते, फिर सुनसान जगह पर करते थे लूटपाट⤵️
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह पहले ऐसे लोगों को निशाना बनाता था, जो आसानी से महिलाओं के जाल में फंस सकते थे. महिलाएं फोन पर बातचीत कर उन्हें विश्वास में लेती थीं और फिर सुनसान जगह पर बुलाकर गिरोह के अन्य सदस्य उन्हें बंधक बनाकर लूटपाट और ब्लैकमेल करते थे।
हिस्ट्रीशीटर है मुख्य आरोपी⤵️
पुलिस की मानें तो गिरोह का मुख्य आरोपी तारा सिंह नानकमत्ता कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में दो दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी लूटी गई कार को नेपाल में बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
