PWD टेंडर में गुंडागर्दी नाकाम,पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार,रिवाल्वर जब्त।
रामनगर (नैनीताल)- 06 दिसम्बर 2025
सरकारी टेंडर में दबंगई दिखाने पहुंचे कुछ लोगों को यह हरकत उस समय भारी पड़ गई, जब SSP नैनीताल मंजुनाथ टी.सी. ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। PWD विभाग में हो रही टेंडर आवंटन प्रक्रिया को डराने-धमकाने व दबाव बनाकर हड़पने का प्रयास कर रहे 7 लोगों को पुलिस ने मौके से हिरासत में ले लिया।
क्या हुआ था?⤵️
जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग कार्यालय में सड़क निर्माण कार्य से जुड़े टेंडर डालने की प्रक्रिया चल रही थी, इसी दौरान कुछ लोगों ने वहां पहुंचे ठेकेदारों को टेंडर डालने से जबरन रोक दिया। विरोध के दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुछ ठेकेदारों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। इतना ही नहीं, विभागीय कर्मचारियों के साथ भी हाथापाई की गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से करीब 9 लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
बताया गया कि बैलपाड़व निवासी दयाल सिंह पन्नू और उसके 6 साथी टेंडर प्रक्रिया में दबंगई दिखाकर माहौल बिगाड़ने लगे। सूचना मिलते ही SSP ने प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार को तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए गए। पुलिस टीम मौके पर पहुँची और हंगामा करने वालों को पकड़कर शांत कराने के साथ-साथ कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं सभी 7 आरोपीयों को हिरासत में लिया गया है और दबंगों का वाहन सीज़ कर दिया गया।दबंगई दिखा रहे दयाल सिंह पन्नू से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद हुई है। हथियार के दुरुपयोग की आशंका पर रिवॉल्वर को जब्त कर लिया गया है व लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।
SSP ने सख्त लहजे में वार्निंग दी है कि सरकारी काम में दखल, दबंगई और माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने पर सीधे गुंडा अधिनियम और जिला बदर की कार्रवाई होगी। कहा कि आगे भी पुलिस की नजर ऐसे सभी तत्वों पर सख्ती से बनी रहेगी।
