गैरसैंण के कुनीगाड क्षेत्र में गूलदार ने गौशाले का दरवाजा तोड मार डाली तीन गायें।
सुबह गायों के अधखाये शव देख रो पड़ी पशुपालक,जनप्रतिनिधियों ने की पिंजडा लगाने की मांग।
मेहलचौरी (गैरसैंण)- 28 दिसम्बर 2025
रिपोर्ट- प्रेम संगेला
विकासखंड गैरसैंण के विभिन्न क्षेत्रों में गूलदार ओर भालू का आतंक बढता ही जा रहा है ।लगातार गिरते तापमान के बीच हिंसक जानवरों की बढती सक्रियता ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है।ताजा घटनाक्रम में शनिवार की रात गूलदार ने कुनीगाड क्षेत्र के भंडारीखोड गांव में किसनानंद थपलियाल पुत्र गुसाई दत्त थपलियाल के तीन गायों को मार डाला।गूलदार ने घर के नजदीक ही गौशाले का दरवाजा तोडकर जहां तीनों गायों को मार डाला वहीं,एक गाय को आधे से ज्यादा खा गया।रविवार सुबह पशुपालक किसनानंद की पत्नी नंदी देवी जब दुध दुहने के लिए गौशाला गयी तो तीनों गायों के अधखाये शरीर देखकर घबरा गयी ओर गायों की दशा देखकर रो पडी।जिसके बाद घटना की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों तक पँहुचाई गयी।
मामले की संवेदनशीलता ओर ग्रामीणों की बढती नाराजगी देखते हुए वन विभाग ने तुरंत मौके पर गश्ती दल भेज दिया है।मामले में जिला पंचायत सदस्य सुरेश बिष्ट,भंडारीखोड के क्षेत्र पंचायत सदस्य व ज्येष्ट उप प्रमुख लीलाधर जोशी,ग्राम प्रधान बसन्ती देवी ने वनाधिकारियों से नाराजगी व्यक्त करते हुए गूलदार व भालू के बढते हमलों से बचाने के लिए ठोस कार्रवाई की मांग करते हुए पशुपालक को त्वरित मुआवजा देने की मांग की है।
मामले को लेकर रेंजर हरीश गौड ने कहा की विभाग लगातार गश्त ओर निगरानी कर रहा है।इस बीच गूलदार द्वारा गोवंश पर बढते हमले ओर भालू की सक्रियता को लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया है.भंडारीखोड में पिंजरा लगाए जाने के लिए भी उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया है।
