डायल 112 की सूचना पर कर्णप्रयाग पुलिस का सुपर फास्ट एक्शन,चंद घंटों में नाबालिग को किया बरामद।
कर्णप्रयाग (चमोली)- 25 मार्च 2026
रिपोर्ट – ललिता प्रसाद लखेड़ा
उत्तराखंड पुलिस की तत्परता और मित्र पुलिस के मानवीय चेहरे ने एक बार फिर एक परिवार की खुशियां लौटाने में कामयाबी हासिल की है।कर्णप्रयाग पुलिस के डायल 112 पर मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुऐ घर से बिना बताये निकले एक नाबालिग बालक को महज कुछ घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया ।
24 मार्च 2026 को कर्णप्रयाग निवासी एक युवक ने आपातकालीन नंबर 112 के माध्यम से पुलिस को सूचित किया कि उनका 17 वर्षीय छोटा भाई सुबह से लापता है, काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजन किसी अनहोनी की आशंका से बेहद घबरा गये थे। सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुऐ चौकी प्रभारी लंगासू उप निरीक्षक अमनदीप सिंह के नेतृत्व में तत्काल एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाये कर्णप्रयाग और लंगासू क्षेत्र के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और घंटों की मशक्कत के बाद एक धुंधली फुटेज में बालक श्रीनगर की ओर जा रहे एक वाहन में सवार दिखाई दिया।
सीसीटीवी से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने स्थानीय वाहन चालकों से सम्पर्क साधा और संवंधित वाहन के स्वामी का पता लगा लिया। पुलिस की सूझबूझ और सटीक समन्वय के कारण उक्त वाहन को तीनधारा के पास सफलता पूर्वक रोक लिया गया, जहां बालक को सुरक्षित पाया गया। बालक को सकुशल चौकी लंगासू लाया गया, जहां पुलिस अधिकारियों द्वारा उसकी उचित काउंसलिंग की गई। इसके बाद उसे उसकी माता के सुपूर्द कर दिया गया। अपने लाल को सुरक्षित देख मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। परिजनों ने पुलिस प्रशासन की इस त्वरित कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की और कर्णप्रयाग पुलिस का आभार व्यक्त किया।
