सिक्किम में ड्यूटी के दौरान पिथौरागढ़ का लाल शहीद,क्षेत्र में मातम,परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़।
पिथौरागढ़-01 अप्रैल 2026
सिक्किम से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है, जहां सिक्किम में तैनात सेना के जवान विकास कुमार हिमस्खलन की चपेट में आने से शहादत को प्राप्त हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही जहां जवान के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, 19 कुमाऊं रेजिमेंट में तैनात लांस नायक विकास कुमार अपने दो साथियों के साथ सिक्किम सीमा पर नियमित गश्त पर थे। उसी दौरान अचानक तेज हिमस्खलन हुआ और विकास इसकी सीधी चपेट में आ गए। उनके दोनों साथी सुरक्षित निकल पाए, लेकिन विकास कुमार को बचाया नहीं जा सका। सिर्फ 19 वर्ष की उम्र में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए। विकास कुमार अपने पीछे अपनी पत्नी प्रीति 8 महीने का बेटा ,पिता गणेश, मां मंजू देवी (भोजन माता के पद पर कार्यरत),और बड़े भाई को रोता बिलखता छोड़ गए हैं। जवान बेटे को खोने के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सेना के अनुसार शहीद का पार्थिव शरीर जम्मू-कश्मीर से दिल्ली एयरलिफ्ट किया जा रहा है। दिल्ली से एंबुलेंस के माध्यम से सुकोली गांव पहुंचाया जाएगा। अंदेशा है कि बृहस्पतिवार तक पार्थिव शरीर पिथौरागढ़ पहुंच जाएगा, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।शहादत की सूचना मिलते ही पिथौरागढ़ जिले में शोक की लहर दौड़ गई। सुकोली और आसपास के गांवों में सन्नाटा पसरा है। लोग परिवार के साथ खड़े होने के लिए घर पहुंच रहे हैं, लेकिन परिवार का दुख शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
