प्रदेश के नारी निकेतनों में होगी मनोचिकित्सकों की नियुक्ति,विभागीय सचिव को प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट में रखने के निर्देश।
नारी निकेतन में संवासिनी की आत्महत्या की घटना के बाद मंत्री ने किया निरीक्षण।
देहरादून-31 मार्च 2026
उत्तराखंड सरकार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून के केदारपुर स्थित नारी निकेतन में एक संवासिनी की आत्महत्या की घटना की गंभीरता से पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और नारी निकेतन की अधीक्षिका,अन्य कर्मचारियों तथा शव बरामद करने वाली चौकीदार से विस्तृत पूछताछ की।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के केदारपुर स्थित राजकीय नारी निकेतन में एक संवासिनी की आत्महत्या का मामला सुर्खियों में है। इस प्रकरण के बाद से ही नारी निकेतन के प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल लगातार खड़े किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य भी नारी निकेतन पहुंची और निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में मौजूद सभी नारी निकेतनों में मनोचिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी।
➡️क्या था मामला?⤵️
दरअसल, 28 मार्च को देहरादून के केदारपुरम स्थित राजकीय नारी निकेतन में एक 35 वर्षीया संवासिनी ने सीढ़ियों की रेलिंग पर कथित रूप से मौत को गले लगाने का मामला सामने आया था। संवासिनी मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी, जो पिछले 6 महीने से नारी निकेतन में रह रही थी और मानसिक स्वास्थ्य का उपचार ले रही थीं। बताया जा रहा है कि 27 मार्च की रात 11 बजे स्थानीय कर्मचारी ने महिला को बिस्तर पर सोते देखा, लेकिन रात 3 बजे के आस पास वो सीढ़ियों की रेलिंग से मृत अवस्था में मिली। जिसके बाद से ही नारी निकेतन के प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। मामला सामने आने के बाद 28 मार्च को राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल सीधे नारी निकेतन पहुंचीं।
➡️रेखा आर्य ने नारी निकेतन का किया निरीक्षण⤵️
जहां कुसुम कंडवाल ने घटना की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही उन्होंने डीएम को इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए। इसके बाद सोमवार यानी 30 मार्च को मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने भी नारी निकेतन पहुंचकर संवासिनी की आत्महत्या की घटना को लेकर गंभीरता से पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और नारी निकेतन की अधीक्षिका, अन्य कर्मचारियों और शव बरामद करने वाली चौकीदार से भी पूछताछ की। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने नारी निकेतन प्रशासन को परिसर के सभी हिस्सों को सीसीटीवी कैमरों से कवर करने, उनकी नियमित लाइव मॉनिटरिंग करने और रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त व्यवस्था लागू की जाएगी। फिलहाल, इस मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अगर जांच में नारी निकेतन का कोई अधिकारी या कर्मचारी लापरवाही का दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने निरीक्षण के दौरान ही देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल से फोन पर बातचीत कर पुलिस जांच की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही जांच को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा विभागीय सचिव और निदेशक को निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी नारी निकेतनों में महिलाओं के बेहतर उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग को सक्रिय रूप से जोड़ा जाए। वहीं, मंत्री रेखा आर्य ने मानसिक रूप से अस्वस्थ संवासिनियों की समुचित देखभाल के लिए मनोचिकित्सकों की नियुक्ति से संबंधित प्रस्ताव तैयार करने को कहा. ताकि, प्रस्ताव को कैबिनेट में पेश किया जाए। जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी तरीके से रोक लगाई जा सके।
