आर्मी जवान की मां के मर्डर केस का 72 घंटे में खुलासा,भतीजा ही निकला हत्यारोपी।
खटीमा (उधमसिंह नगर)-21 फरवरी 2026
उधमसिंह नगर के खटीमा में 18 फरवरी बुधवार को देवभूमि कॉलोनी में रहने वाली 65 वर्षीय जानकी देवी की हत्या मामले का खटीमा पुलिस ने 72 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। जानकी देवी की हत्या के आरोप में मृतका के ही भतीजे 33 वर्षीय रवि चंद को गिरफ्तार किया गया है। हत्याकांड के खुलासा की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने खटीमा कोतवाली पहुंचकर दी। जानकी चंद का खून से सना शव उनके घर में मिला था. गौर हो कि, महिला का बेटा गोरखा रेजीमेंट में पंजाब के गुरदासपुर बॉर्डर पर तैनात है।
दरअसल, बीती 18 फरवरी को खटीमा की देवभूमि कॉलोनी में घर में अकेले रहने वाली 65 वर्षीय जानकी देवी की हत्या की गई थी। पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने के लिए टीमों का गठन कर जांच तेज कर दी थी। इस दौरान टीमों द्वारा फॉरेंसिक जांच और 60 से 70 सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन करने के बाद संधिग्ध के रूप में मृतका के भतीजे रवि चंद निवासी डिग्री कॉलेज रोड आदर्श कॉलोनी उम्र 33 वर्ष की पहचान सामने आई। पुलिस टीम ने रवि चंद को खटीमा के झनकट इलाके से 21 फरवरी को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की।
उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि,कड़ी पूछताछ में मृतका के भतीजे रवि चंद ने स्वीकार किया कि रुपयों के लालच में उसने अपनी ताई जानकी देवी की मफलर से गला घोंटकर हत्या करने का प्रयास किया था। इस दौरान बचाव में मृतका का सिर फर्श से टकराने से खून निकलने लगा और जानकी देवी की मौत हो गई। हत्यारोपी ने बताया कि उसने मृतका के पर्स से रुपए निकाले और गेट पर ताला लगा फरार हो गया। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि, आरोपी रवि चंद हरियाणा में किसी फैक्ट्री में मजदूरी करता था। घटना के समय आरोपी अपने घर आया हुआ था। घटना वाली रात ताई ने भतीजे के लिए भी खाना बनया था। दोनों ने रात को साथ खाना भी खाया था। एसएसपी ने बताया कि घटना के खुलासे के बाद आरोपी रवि चंद को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल मृतका के बेटे आर्मी जवान प्रेम चंद की तहरीर के आधार पर आरोपी रवि चंद को जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
बता दें कि, घटना का पता तब चला जब बेटे प्रेम चंद ने रोज की तरह अपनी मां को फोन लगाया। उस रात जानकी देवी ने जब फोन नहीं उठाया तो तो उसने अपने चाचा को जानकारी दी।मौके पर पहुंचे परिजनों व स्थानीय लोगों ने घर का ताला तोड़ा, जहां महिला का शव घर मिला। महिला के हाथ और गले में चोट के निशान दिखने पर तुरंत खटीमा कोतवाली पुलिस को कॉल किया गया।
