देहरादून में प्रॉपर्टी विवाद में गैस एजेंसी मालिक की हत्या का खुलासा:- मां समेत 5 गिरफ्तार,दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल।

देहरादून में प्रॉपर्टी विवाद में गैस एजेंसी मालिक की हत्या का खुलासा:- मां समेत 5 गिरफ्तार,दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल।

देहरादून-12 फरवरी 2026

देहरादून के तिलक मार्केट में गैस एजेंसी मालिक अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतक की मां समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात को अंजाम देने वाले दो मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए हैं।

11 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे कोतवाली डालनवाला पुलिस को सूचना मिली थी कि तिलक मार्केट के पास एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई। वह जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे।

जांच में सामने आया कि अर्जुन शर्मा का अपनी मां बीना शर्मा और उनके सहयोगियों के साथ प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। जीएमएस रोड स्थित एक संपत्ति का करीब 14 करोड़ रुपए में सौदा हुआ था, जिसमें से 8 करोड़ रुपए दिए जा चुके थे। शेष भुगतान और मालिकाना हक को लेकर विवाद गहरा गया था। आरोप है कि मृतक की मां और सहयोगियों ने अर्जुन को रास्ते से हटाने के लिए 12 लाख रुपए में शूटरों से सौदा किया था। इसमें से 3 लाख रुपए एडवांस दिए गए थे।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सघन चेकिंग अभियान चलाया। रायपुर और जौलीग्रांट क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने स्कूटी सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई।

मुख्य आरोपी पंकज राणा और राजीव उर्फ राजू ने पूछताछ में हत्या की सुपारी लेने की बात कबूल की। पुलिस ने साजिश में शामिल मृतक की मां बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खुल्ला को भी गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस हत्याकांड ने शहर में सनसनी फैला दी है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम व पता⤵️

1- पंकज राणा पुत्र अभय राम सिंह निवासी- 61/3 इंदिरा कॉलोनी,चक्खुवाला,कोतवाली, देहरादून उम्र 52 वर्ष
2- राजीव उर्फ राजू पुत्र अभय राम सिंह निवासी 61/3 इंदिरा कॉलोनी,चक्खुवाला, कोतवाली, देहरादून, उम्र 50 वर्ष
3- बीना शर्मा पत्नी स्व. आर.सी. शर्मा , निवासी 40/1 बसंत विहार,
4- विनोद उनियाल पुत्र घनश्याम उनियाल, निवासी गैलेक्सी लैक्सोटिका अपार्टमेंट, 31 इन्दर रोड डालनवाला।
5- अजय खन्ना,पुत्र जे.पी. खन्ना निवासी: 12 ई.सी. रोड, डालनवाला, देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!