नाबालिग से दुष्कर्म कर फरार चल रहे आरोपी को नन्दानगर पुलिस ने किया गिरफ्तार।

नाबालिग से दुष्कर्म कर फरार चल रहे अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार,पीड़िता के गर्भवती होने पर दुष्कर्म का मामला आया था सामने।

नंदानगर (चमोली)- 29 मार्च 2026

चमोली जनपद के नंदानगर थाने में विगत माह 30 जनवरी को एक व्यक्ति द्वारा तहरीर दी गई थी कि वर्ष 2025 में उनकी नाबालिग पुत्री को प्रदीप सिंह रावत निवासी घूनी नंदानगर,उम्र 24 वर्ष नामक युवक द्वारा बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया व किसी को भी ये बात बताने पर धमकी दी गई. बता दें कि पीड़िता के गर्भवती होने पर दुष्कर्म का यह मामला सामने आया था। जानकारी देते हुए पुलिस द्वारा बताया गया कि नाबालिग युवती के पिता की तहरीर के आधार पर थाना नंदानगर में मु.अ.सं. 01/2026 धारा 64(1)(2) BNS एवं 5J(2)ठ/6 पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था व मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक मीता गुसाईं को दी गई थी।

यह पूरा मामला नाबालिग से संबंधित होने के चलते चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार द्वारा मामले का संज्ञान लेते हुए अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित करने के निर्देश दिए गए व अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के आदेश दिए गए थे। वहीं,घटना के बाद से ही अभियुक्त लगातार फरार चल रहा था,जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी व विभिन्न माध्यमों से अभियुक्त की जानकारी जुटाई जा रही थी.वहीं,पुलिस टीम द्वारा लगातार अभियुक्त की ढूंढ खोज के लिए संभावित स्थानों पर छापेमारी भी की जा रही थी.पुलिस द्वारा बताया गया कि लगातार अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास करते हुए अभियुक्त प्रदीप सिंह रावत को सुतोल टैक्सी स्टैंड,कुरूड़ पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है.पुलिस द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्यवाही के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

थाना अध्यक्ष नंदानगर नरेंद्र रावत ने बताया कि युवक को गिरफ्तार किया गया है.जिसे न्यायालय में पेश करने की कार्यवाही की जा रही है.बताया कि युवती के जन्मे बच्चे व युवक का डीएनए सैंपल भी जांच के लिए भेजा जाएगा।

वहीं दूसरी और एक अन्य मामले में नंदानगर में ही नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.एक महिला द्वारा नंदानगर थाने में तहरीर दी गई थी कि उनकी नाबालिग बेटी अपनी शिक्षिका के घर से किताब लेकर घर वापस लौट रही थी. इस दौरान पुराना बाजार पुल के पास एक व्यक्ति द्वारा गलत नियत से उनकी नाबालिग बेटी को छूते हुए जबरदस्ती अपने साथ ले जाने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपी व्यक्ति ने युवती के साथ जबरदस्ती करने की भी कोशिश की. महिला ने बताया कि किसी तरह उनकी बेटी आरोपी के चंगुल से बचकर निकली व घर पहुंचकर उसने आप बीती सुनाई।

इस मामले को लेकर नंदानगर थाना पुलिस ने पोक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं,मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। नाबालिग युवती से छेड़छाड़ के आरोपी सैंती गांव निवासी 35 वर्षीय मनोज कुमार को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले को लेकर पुलिस उपनिरीक्षक मनोज भट्ट ने बताया कि अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जा रहा है.उन्होंने कहा कि महिलाओं तथा बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है.इस प्रकार के अपराधों के विरूद्ध जीरो टालरेंस की नीति अपनाई जा रही है। कहा कि इस प्रकार के अपराधियों को किसी भी हाल में नही बख्शा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!