धामी सरकार की नई पहल: मंत्री अब सीधे जनता से करेंगे संवाद।
देहरादून-18 दिसम्बर 2025
उत्तराखंड सरकार ने जनता तक सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए एक नई पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर अगले 45 दिनों तक कैबिनेट मंत्री अलग-अलग जिलों में कैंप लगाकर जनता के बीच सक्रिय रूप से उपस्थित रहेंगे। इस अभियान का नाम रखा गया है “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा”।
शासन आदेश के अनुसार वरिष्ठ मंत्री सतपाल महाराज को हरिद्वार और टिहरी, गणेश जोशी को उधम सिंह नगर और उत्तरकाशी, स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत को अल्मोड़ा और चमोली, वन मंत्री सुबोध उनियाल को देहरादून और पौड़ी, महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य को नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ तथा सौरभ बहुगुणा को रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों की जिम्मेदारी दी गई है।
अभियान के दौरान मंत्री न केवल योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे, बल्कि जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाने और जनता की समस्याओं को सुनकर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी भी निभाएंगे। अभियान के पूरा होने के बाद सरकार मंत्रियों से उनके कार्यों का फीडबैक भी लेगी, जिससे जमीनी स्तर पर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन किया जा सके।
