फूल संक्रान्ति पर गूंजती रही नोनीहालों की किलकारियां,उपजिलाधिकारी सहित उक्रांद के आशीष नेगी ने भी जमकर बिखेरे फूल।
मेहलचोरी (गैरसैंण)-15 मार्च 2026
रिपोर्ट- प्रेम संगेला
बच्चों के प्रिय त्यौहार फुल संक्रांति पर जहां गैरसैंण क्षेत्र के बच्चों की किलकारियों से हर गांव गुजायमान रहा ,वहीं प्रकृति के अनमोल उपहार फूलों के साथ मनाए जाने वाले इस त्यौहार से बड़े भी अछूते नहीं रह सके । गैरसैंण के उप जिलाधिकारी सोहन सिंह रांगड व उत्तराखंड क्रांति दल युवा ब्रिगेड के नेता आशीष नेगी ने भी बच्चों के साथ देहलियों पर फूल बिखेर कर बाल त्यौहार का खुब आनन्द लिया।
ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण से सटे सारकोट ,परवाडी ,सिलपाटा ,बेडी ,छिमटा सहित गैरसैंण नगर व मेहलचोरी,आगरचट्टी,कुनीगाड,रोहिडा,माईथान,पंचाली,पज्याणा,मटकोट,पाण्डुवाखाल व नागचूलाखाल क्षेत्र में रविवार होने के चलते बच्चे देर तक फुल संक्रांति का त्यौहार मनाते दिखाई दिए। हाथ में रंग-बिरंगे फूलों से सजी टोकरीयां लिए बच्चों की टोलियां देहरी पर फूल डालते हुए लोक गीत “फूल देई, छम्मा देई, देणी द्वार भर भकार, यो देली सौं बारम्बार” गुनगुनाते हुए बेहद खुश दिखाई दिए। घरों पर बच्चों को महिलाओं द्वारा पारंपरिक मान्यताओं के अनुरूप चावल ,गुड ,टोफियां देने के साथ ही शगुन रूपी सिक्कों ओर खुशहाल जीवन का आशीर्वाद दिया । फूल संक्रान्ति के अवसर पर उप जिलाधिकारी गैरसैंण सोहन सिंह रांगड ने अपने सरकारी आवास पर स्टाफ कर्मचारियों व जीएमवीएन कालोनी के बच्चों के साथ देहरी पर फूल चढ़ाते हुए त्योहार मनाया।
वहीं उक्रांद युवा ब्रिगेड के नेता व गैरसैंण राजधानी की मांग को लेकर आजकल हर किसी की जुबान पर चढ़े ,आशीष नेगी ने आज गैरसैंण नगर के नजदीकी सीमण गांव में बच्चों के साथ फूल संक्रांति का त्यौहार मनाया । हाथ में टोकरी लिए आशीष नेगी ने बच्चों के साथ गांव के घर-घर में घूम कर देहरियों पर फूल बिखेरे ,इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया, वहीं परिवार की महिलाओं ने उन्हें चावल,गुड इत्यादी देने के साथ ही उज्जवल राजनैतिक भविष्य का भी आशीष दिया।
