ऋषिकेश में 82 साल की बुजुर्ग जगदेश्वरी देवी की जलने से दर्दनाक मौत।
ऋषिकेश-10 जनवरी 2026
ऋषिकेश के गुमानीवाला से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग महिला की जलकर मौत हो गई। मामला बुजुर्ग बेबस मां के जिंदा जलने से जुड़ा है। बता दे कि ऋषिकेश के गुमानीवाला में 9 जनवरी को मौत ने ऐसा तांडव मचाया कि देखने वालों की रूह कांप गई। गली नंबर 27 के एक बंद कमरे में 82 साल की बुजुर्ग जगदेश्वरी देवी की जलने से ऐसी दर्दनाक मौत हुई जिसे देखने और सुनने वालों का कलेजा मुंह को आ गया।
पुलिस के मुताबिक बुजुर्ग घर में बिल्कुल अकेली थी। इस दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ और घर के अंदर आग लग गई। आग लगने से बिस्तर बेड सब जलने लगा और इस आग ने बेड पर सोई बुजुर्ग को भी अपनी चपेट में ले लिया। लोगों ने घर से धुआं निकलते देख पुलिस को मौके पर बुलाया और घर में लगी आग को पानी डालकर बुझाया। पुलिस ने दरवाजा खोला तो कमरे का मंजर हॉरर फिल्म से भी ज्यादा भयानक दिखा। पुलिस को बेड पर बुजुर्ग की कमर से ऊपर का झुलसा हुआ और कमर से नीचे का हिस्सा कंकाल के रूप में दिखाई दिया। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसे उठाना भी मुश्किल हो गया। पुलिस ने अवशेषों को समेटकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
श्यामपुर चौकी प्रभारी सुमित चौधरी ने बताया कि मृतक का बेटा दिल्ली में और बेटी चंडीगढ़ में है। जिन्हें घटना की जानकारी दे दी गई है। इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। सवाल यह है कि ममता की मूरत कही जाने वाली एक मां अपने आखिरी वक्त में कितनी बेबस रही होगी कि वह आग की लपटों के बीच तड़पती रही लेकिन बचाने वाला कोई नहीं था। बिस्तर जलते रहे और वो बुजुर्ग तिल-तिल कर राख होती रही। इस खबर का साफ संदेश है कि घर पर बुजुर्गों को अकेला बिल्कुल ना छोड़े।
