नाबालिग से स्मैक की तस्करी करवा रहे थे माता-पिता,33 लाख की ड्रग्स बरामद।
रुद्रपुर- 26 जनवरी 2026
गदरपुर कोतवाली पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं यूनिट की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्कूटी सवार एक नाबालिग से 112.3 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 33 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि किशोर से उसके ही माता-पिता स्मैक की तस्करी करवा रहे थे।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के अनुसार शनिवार देर शाम गदरपुर क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान करतारपुर रोड तिराहे की पुलिया के पास एक स्कूटी सवार किशोर को रोका गया। पुलिस को देखकर किशोर के घबराने पर शक हुआ। तलाशी लेने पर स्कूटी की डिग्गी से स्मैक बरामद हुई। नाबालिग ने बताया कि स्मैक उसे उसके माता-पिता ने दी थी और पुलिया के पास खड़े एक व्यक्ति को सौंपने के निर्देश दिए गए थे। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि माता-पिता अपने ही बेटे को नशे की तस्करी में इस्तेमाल कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपी माता-पिता के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के साथ-साथ बीएनएस की धारा 95 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। ऊधमसिंह नगर जिले में यह पहला मामला है, जिसमें बच्चों से अपराध कराए जाने पर धारा 95 बीएनएस लगाई गई है। नाबालिग को संरक्षण में ले लिया गया है।
“दंपति के खिलाफ गदरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी पिता हिस्ट्रीशीटर और बड़ा मादक पदार्थ तस्कर है, जो ‘नकटा’ नाम से कुख्यात है। आरोपियों की तलाश जारी है, जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।”
— मणिकांत मिश्रा, एसएसपी ऊधमसिंह नगर
