हरिद्वार में पार्किंग मैनेजर को कार ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत, हरियाणा के यात्री फरार।
हरिद्वार-11 जनवरी 2026
हरिद्वार में पंडित दीनदयाल पार्किंग में हरियाणा के यात्रियों ने पार्किंग के मैनेजर को टक्कर मार दी और फरार हो गए.आनन-फानन में मैनेजर को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हायर सेंटर में इलाज के दौरान मैनेजर की मौत हो गई।
धर्मनगरी हरिद्वार में पार्किंग फीस को लेकर हुए विवाद में मैनेजर की जान चली गई। दीन दयाल उपाध्याय पार्किंग में तैनात 55 वर्षीय पार्किंग मैनेजर सहदेव कुमार को दो युवकों ने कार से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल सहदेव कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना शनिवार दोपहर करीब 2 बजे की है। सोनीपत (हरियाणा) निवासी विशाल कुमार और सूरज सिंह पार्किंग से निकलते समय फीस को लेकर बहस में उलझ गए। आरोप है कि बहस बढ़ने पर दोनों ने बैरिकेड तोड़ा और कार चढ़ाकर सहदेव कुमार को कुचलते हुए मौके से फरार हो गए।
घायल सहदेव कुमार को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, बाद में गंभीर हालत में देहरादून रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने हरियाणा नंबर की कार को बहादराबाद में पकड़ लिया, लेकिन तब तक मौका पाकर कार सवार यात्री कार छोड़कर फरार हो गए। कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले में कार चालक की पहचान विशाल पुत्र विनोद निवासी बहालगढ़, जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। जबकि, कार में सोनीपत के लोग मौजूद थे।
नगर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है,घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं,आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हुई हैं और जल्द उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
