ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या करने वाले हत्यारोपी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से किया गिरफ्तार।
ऋषिकेश-02 फरवरी 2026
शिवाजी नगर में महिला की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने सहारनपुर से दबोचा है. आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार लोकेशन बदल रहा था, लेकिन पुलिस से नहीं बच सका। गौर हो कि बीती शनिवार यानी 31 जनवरी की रात करीब साढ़े 9 बजे ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शिवाजी नगर गली नं 11 में किराए पर रह रही एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। महिला की हत्या करने के बाद आरोपी सुरेश गुप्ता लगातार फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।आरोपी ने अपना फोन स्विच ऑफ किया हुआ था और बार-बार लोकेशन बदल रहा था, लेकिन पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर आरोपी को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के छुटमलपुर से धर दबोचा। जिसे अब पुलिस कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। साथ ही पुलिस उससे हत्या की असली वजह के बारे में जानकारी जुटा रही है,हालांकि, अभी तक प्रेम प्रसंग का ही मामला सामने आया है।
बता दें कि शिवाजी नगर में एक कमरे से गोली चलने की आवाज आई थी। गोली चलने की आवाज सुनते ही लोग घटनास्थल की ओर दौड़ गए थे। जब लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर मौके से भागते दिखे, जबकि, घर के अंदर एक महिला फर्श पर लहूलुहान पड़ी हुई थी। जिसे लोगों के होश उड़ गए. उन्होंने आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी।उधर, सूचना मिलते ही ऋषिकेश कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट तत्काल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. साथ महिला के शव को कब्जे में लिया। वहीं, महिला के पिता बच्चन सिंह रावत ने ऋषिकेश कोतवाली में लिखित तहरीर देते हुए हत्या का आरोप सुरेश गुप्ता पर लगाया था। जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ पर पता चला कि महिला का कुछ साल पहले अपने पति से तलाक हो गया था। ऐसे में कोरोनाकाल में महिला ऋषिकेश स्थित दुकान में काम करने के लिए आई थी,जहां उसकी मुलाकात सुरेश गुप्ता से हुई. जहां सुरेश गुप्ता का अक्सर महिला से मिलना-जुलना होता था। सुरेश का महिला के घर पर आना-जाना था। इसी बीच सुरेश गुप्ता और महिला के बीच प्रेम प्रसंग की जानकारी उनके घरवालों का पता चली। जिस पर सुरेश गुप्ता और उसकी पत्नी का अक्सर झगड़ा होता था। इस पारिवारिक झगड़े को स्थानीय लोगों ने निपाटने का काफी प्रयास किया, लेकिन सुरेश गुप्ता और महिला के बीच प्रेम प्रसंग के चलते पारिवारिक विवाद बढ़ता गया।इसी विवाद के चलते आरोपी सुरेश गुप्ता ने महिला के साथ विवाह करने के लिए अपनी पत्नी से करीब 4 महीने पहले आपसी सहमति से तलाक भी ले लिया। शादी करने से पहले महिला और उसके परिजनों ने ऋषिकेश में संपत्ति लेने की बात सुरेश गुप्ता से कही। जिस कारण आरोपी सुरेश गुप्ता ने अपनी लक्सर स्थित पैतृक संपत्ति 35 लाख रुपए में बेचकर ऋषिकेश में महिला के साथ रहने के लिए मकान ढूंढने लगा। हालांकि, 35 लाख रुपए में कोई अच्छी संपत्ति न मिलने के कारण आरोपी और महिला के बीच मनमुटाव बढ़ने लगा, जिस कारण आरोपी अवसाद में चला गया था।
