चमोली जनपद के खैनुरी गांव के पास जगंल क्षेत्र में मिला अज्ञात नवजात शिशु का शव,पुलिस जांच में जुटी।

चमोली जनपद के खैनुरी गांव के पास जगंल क्षेत्र में मिला अज्ञात नवजात शिशु का शव,पुलिस जांच में जुटी।

चमोली-01 फ़रवरी 2026

बीते रोज शनिवार को चमोली जनपद के खैनुरी गांव के समीप बराली नामक स्थान के जंगल क्षेत्र में एक नवजात शिशु का शव मिलने से हड़कंप मच गया। नवजात के शव मिलने की सूचना बाल कल्याण समिति गोपेश्वर द्वारा कोतवाली चमोली को दी गई। बताया गया कि ग्राम खैनुरी के बराली स्थान के जंगल क्षेत्र में एक अज्ञात नवजात शिशु का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर कोतवाली चमोली से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा।

मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार द्वारा संज्ञान लेते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट (फॉरेंसिक टीम) व एसओजी की टीमों को मौके पर भेजा गया।पुलिस द्वारा बताया गया कि फील्ड यूनिट (फॉरेंसिक टीम) द्वारा घटनास्थल पर साक्ष्य संकलन की कार्यवाही कर ली गयी है। बताया कि इस दौरान मौके पर जानकारी जुटायी गई तो ग्राम प्रधान खैनुरी व ग्रामीणों ने बताया कि घास काटने व पशु चराने के दौरान जंगल में गए स्थानीय लोगों को क्षेत्र में नवजात शिशु का शव दिखाई दिया था। पुलिस टीम द्वारा मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का प्राथमिक निरीक्षण किया गया, जिसमें प्रथमदृष्टया नवजात शिशु के शव के कुछ भाग को किसी जंगली जानवर के द्वारा खाया प्रतीत हो रहा है शरीर में जगह-जगह खरोंच के निशान पाए गए है। मौके पर उपस्थित आशा कार्यकर्ता द्वारा बताया गया कि शिशु पूर्णतः विकसित अवस्था में था। शिशु की गर्भावधि लगभग 7-8 माह की प्रतीत होती है तथा नौ माह पूर्ण होने में कुछ दिन शेष रहे होंगे।

पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई पूर्ण कर शव को अग्रिम विधिक कार्यवाही एवं पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेज दिया गया है। बताया कि शव की शिनाख्त के प्रयास के लिए 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखा जायेगा, 72 घंटे तक शिनाख्त के सभी प्रयास पूरे होने के बाद व मृतक की मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए विधिवत पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जायेगी, साथ ही भविष्य की जांच में मदद के महत्वपूर्ण डीएनए सैंपल भी सुरक्षित रखे जायेगें। बताया गया कि नवजात की मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा।

पुलिस टीमों द्वारा स्थानीय लोगों से गहन पूछताछ कर घटना से जुड़ी हर छोटी से छोटी जानकारी को एकत्रित किया जा रहा है। इसके साथ ही आशा कार्यकर्ताओं, सरकारी एवं गैर-सरकारी चिकित्सालयों से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है, ताकि घटना के प्रत्येक पहलू की सूक्ष्मता से जांच की जा सके।

पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है व घटना के शीघ्र खुलासे को लेकर सभी संभावित तथ्यों एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि इस संबंध में किसी भी व्यक्ति के पास कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध होती है तो वह प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चमोली –9411112860
जिला नियत्रंण कक्ष –94111 12977 मोबाइल नंबर पर संपर्क कर पुलिस को सूचित कर सकता है। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!