उत्तराखंड में SIR को लेकर तैयारियां हुई शुरु,वर्तमान में प्रदेश में 11733 बूथ के सापेक्ष 4155 बीएलए हैं नियुक्त।
देहरादून- 04 दिसम्बर 2025
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देश के बाद अब उत्तराखण्ड राज्य में प्री एसआईआर गतिविधियां शुरु कर दी गई हैं। इस चरण में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर प्रारम्भिक तैयारियां की जाएंगी, साथ ही एसआईआर के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा ना हो इसके देखते हुए हर एक मतदाता तक पहुंचे की कोशिश होगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ० बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अलग-अलग सालों में इससे पहले 11 बार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम पूरे देश में संपादित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड में साल 2003 में एसआईआर किया गया था। आयोग द्वारा पहले चरण में बिहार और दूसरे चरण में 12 अन्य राज्यों में एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है। इस पूरी प्रकिया के पीछे आयोग का उद्देश्य हर पात्र मतदाता को मतदाता सूची में शामिल करना है।बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) नियुक्त करने की अपील की है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 11733 बूथ के सापेक्ष 4155 बीएलए ही नियुक्त हैं।
