उत्तराखंड : हादसे में रिटायर्ड कर्नल की मौत

नैनीताल: नैनीताल में एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में रिटायर कर्नल की मौत हो गई। गेठिया से नैनीताल को जोड़ने वाले आलूखेत लिंक मार्ग पर नैनो कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया।

पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की मदद से दोनों को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी भेजा। जहां एक को च‍िकित्‍सकों ने मृत घोष‍ित कर द‍िया। जानकारी के अनुसार नैनीताल के चिड़ियाघर रोड तल्लीताल निवासी 70 वर्षीय रिटायर कर्नल किरण कुमार डंगवाल शाम के वक्त कार से नैनीताल की ओर आ रहे थे।

इस दौरान उनके साथ जू रोड निवासी 32 वर्षीय सूरज कुमार भी मौजूद थे। गेठिया से ऊपर चढ़ने के बाद जब वह आलूखेत पहुंचे तो पता लगा कि सीसी मार्ग में निर्माण कार्य चलने के कारण मार्ग बंद कर द‍िया गया है। इस बीच वह खड़े ढलान में वाहन बैक करके नीचे की ओर आने लगे। कुछ आगे पहुंचे ही थे कि अचानक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 70 मीटर नीचे गिरकर सड़क के दूसरे छोर पर जा पहुंचा। गनीमत रही कि सड़क किनारे पेड़ से टकराकर वाहन रुक गया।

हादसे की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को दी। सूचना पर ज्योलीकोट चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, जहां पुलिस टीम ने तत्काल 108 एम्बुलेंस से दोनों को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा। जहां डाक्टर ने र‍िटायर्ड कर्नल को मृत घोषित कर दिया। सूरज कुमार का उपचार चल रहा है। तल्लीताल के थानाध्यक्ष रमेश सिंह बोहरा ने बताया कि मृतक के स्वजन को सूचित कर दिया गया है। हालांकि, हादसे की वजह फिलहाल साफ नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!