देहरादून रोड पर भ्रूण मिलने से सनसनी,पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ऋषिकेश-22 दिसम्बर 2025
ऋषिकेश की आवास विकास कॉलोनी में दो सप्ताह पहले मिले एक भ्रूण के राज से अभी पर्दा उठा भी नहीं था कि शहर में देहरादून रोड पर दूसरा भ्रूण मिलने से सनसनी मच गई है। पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अग्रिम जांच और कार्रवाई पुलिस ने शुरू की है।
ऋषिकेश कोतवाली पुलिस को सोमवार की सुबह करीब 8:30 बजे स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि देहरादून रोड स्थित एक प्राइवेट क्लीनिक के पास वाली गली में सड़क पर भ्रूण पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लिया और उसे पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस दौरान पुलिस ने गली के लोगों से भ्रूण के संबंध में जानकारी जुटाई और प्रतिष्ठानों और घरों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी देखा।
फिलहाल भ्रूण के संबंध में पुलिस के हाथ अभी कोई खास तथ्य नहीं लगे हैं। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि भ्रूण सड़क पर किसने फेंका है इसकी जांच शुरू कर दी गई है। शहर में लगातार मिल रहे भ्रूण को लेकर कई प्रकार की चर्चाएं की जा रही है। कोई इसे बिन ब्याही मां की करतूत बता रहा है, तो कोई इसे बेटी होने की सजा मिलने की सजा भी कह रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही सड़क पर मिल रहे भ्रूण के राज से पर्दा उठ पाएगा।
