डिलीवरी बॉय की आड़ में स्मैक तस्करी,पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार।
देहरादून-09 दिसम्बर 2025
उत्तराखंड पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। देहरादून जिले के रायवाला थाना क्षेत्र से पुलिस ने तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग घरेलू सामान की डिलीवरी की आड़ में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी करते थे। इससे पहले ऋषिकेश में आबकारी विभाग ने इस तरह के लोगों को पकड़ा था, जो नामी डिलीवरी सर्विस के नाम पर अवैध शराब की तस्करी कर रह रहे थे।
जानकारी के अनुसार रायवाला कोतवाली क्षेत्र में देर रात को पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान पुलिस ने तीन अलग-अलग जगहों से तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों का नाम फुजैल पुत्र जिशान, वसीम आदिल और अजय उर्फ मोनू पुत्र शमशेर है। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों के पास से अवैध मादक पदार्थ मिला है। उसी के आधार पर तीनों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बताया कि फुजैल के कब्जे से 13.30 ग्राम स्मैक, वसीम के पास से करीब 18.64 ग्राम स्मैक और अजय उर्फ मोनू से करीब 158 चरस मिली है। पुलिस के अनुसार फ़ुजैल और वसीम नामी डिलीवरी सर्विस कंपनी के डिलीवरी बॉय है, जो घरेलू सामान की डिलीवरी करती थी। पुलिस का कहना है कि घरेलू सामान की डिलीवरी की आड़ में ही फ़ुजैल और वसीम अवैध मादक पदार्थों की डिलीवरी कर रहे थे। हालांकि उनकी ये चतुराई ज्यादा दिन तक नहीं चल पाई और पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपियों के खिलाफ देहरादून जिले की रायवाला कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए है। पुलिस पूछताछ में फुजैल व वसीम ने बताया कि वो दोनों डिलीवरी कंपनी में काम करते है। उन्होंने सुल्तानपुर चिलकाना के रहने वाले इलियास नाम के व्यक्ति से सस्ते दामों पर स्मैक खरीदी दी थी. जिसे वह डिलीवरी करते समय स्थानीय लोगों और कॉलेज के छात्रो को महंगे दामों में बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थे। रात में दोनों रायवाला से हरिद्वार की तरफ जा रहे थे, तभी पुलिस ने चेकिंग दौरान दोनों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। वहीं तीसरा आरोपी अजय उर्फ मोनू हरिद्वार में वेटर का काम करता है। अजय उर्फ मोनू चरस को कुरूक्षेत्र से खरीदकर लाया था, जिसे वह बाबा लोगों को महंगे दामों में बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी पहले भी कोतवाली नगर हरिद्वार से चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
