सती शिरोमणि माता अनसूया देवी मंदिर तक सड़क की मांग ने पकड़ा जोर।

सती शिरोमणि माता अनसूया देवी मंदिर तक सड़क की मांग ने पकड़ा जोर।

गोपेश्वर (चमोली)- 17 जनवरी 2026

सती शिरोमणि माता अनसूया देवी मंदिर तक सड़क निर्माण की मांग जोर पकड़ने लगी है।
दरअसल मंडल घाटी के अनसूया आश्रम तक अभी तक सड़क निर्माण न होने से श्रद्धालुओं को चार किमी की खड़ी पैदल यात्रा करनी पड़ती है। स्थानीय लोग लगातार अनसूया गेट से अनसूया देवी मंदिर तक सड़क निर्माण की मांग करते आ रहे हैं। इसके बावजुद सड़क निर्माण को लेकर गंभीर पहल होती नहीं दिखाई दे रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद खंडूरी ने अपनी कार्यकाल में स्थानीय लोगों की मांग पर अनसूया मंदिर तक सड़क निर्माण की घोषणा की थी। इसके बावजूद यह घोषणा अभी तक भी अमल में नहीं आ पाई है।

हालांकि अनसूया देवी मंदिर जाने को लेकर एक किमी सड़क का निर्माण काफी पहले कर दिया गया था। अमृत गंगा पर मोटर पुल का निर्माण भी पहले ही पूरा हो चुका है। सिरोली से आगे चार किमी से अधिक सड़क का निर्माण होना बाकी है। लोनिवि द्वारा सड़क निर्माण को लेकर सर्वेक्षण भी पहले ही कर लिया गया था। अनसूया देवी के पुजारी लक्ष्मी प्रसाद सेमवाल ने बताया कि लगातार आग्रह के बावजूद सड़क निर्माण का कार्य अधर में लटका पड़ा है। इस कारण श्रद्धालुओं को करीब चार किमी की खड़ी पैदल यात्रा करने को विवश होना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से तत्काल सड़क निर्माण की कवायद की अपील की है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण से तीर्थाटन को बढ़ावा मिलेगा और श्रद्धालुओं को आवाजाही में खड़ी पैदल चढ़ाई से होने वाली दिक्कतों से भी निजात मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!